✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार
दुर्ग। हेमचंद यादव विश्वविद्यालय, दुर्ग के कुलसचिव भूपेंद्र कुमार कुलदीप को छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट से बड़ा झटका लगा है। पद के कथित दुरुपयोग और दैनिक वेतनभोगी महिला कर्मचारी के वेतन से राशि वसूले जाने के मामले में दर्ज एफआईआर को चुनौती देते हुए दायर याचिका को हाईकोर्ट ने खारिज कर दिया है।
मामले में कुलसचिव के खिलाफ मोहन नगर थाने में धारा 316(4) के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। कुलसचिव ने एफआईआर निरस्त करने के साथ-साथ विश्वविद्यालय द्वारा गठित फैक्ट फाइंडिंग कमेटी और उसकी रिपोर्ट को भी चुनौती दी थी।
महिला कर्मचारी ने लगाए गंभीर आरोप
शिकायत के अनुसार, विश्वविद्यालय में दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी के रूप में कार्यरत शुभांगी मराठे ने आरोप लगाया कि उन्होंने विश्वविद्यालय में नियमित रूप से कोई काम नहीं किया, बावजूद इसके उनके नाम पर वेतन जारी होता रहा।
आरोप है कि महिला महीने के अंतिम दिन विश्वविद्यालय आकर पूरे महीने की उपस्थिति पर हस्ताक्षर करती थी। वेतन खाते में आने के बाद कथित तौर पर 2,200 रुपये अपने पास रखने और शेष करीब 9,000 रुपये कुलसचिव के पुत्र के खाते में ट्रांसफर करने के लिए कहा जाता था।
शिकायत के बाद बनी फैक्ट फाइंडिंग कमेटी
महिला कर्मचारी ने जून माह के अंत में विश्वविद्यालय प्रशासन को पूरे मामले की जानकारी दी और लिखित आवेदन देकर अपना पूरा वेतन दिलाने तथा विश्वविद्यालय में वास्तविक कार्य देने की मांग की। शिकायत के साथ उन्होंने पासबुक की छायाप्रति, शपथपत्र, बैंक स्टेटमेंट और यूपीआई ट्रांजेक्शन से संबंधित दस्तावेज भी प्रस्तुत किए।
इसके बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने मामले की जांच के लिए फैक्ट फाइंडिंग कमेटी गठित की। समिति ने उपलब्ध दस्तावेजों और तथ्यों की जांच कर अपनी रिपोर्ट विश्वविद्यालय प्रशासन को सौंपी।
रिपोर्ट के आधार पर कुलसचिव के खिलाफ कथित वित्तीय अनियमितता और पद के दुरुपयोग को लेकर पुलिस कार्रवाई की अनुशंसा की गई।
3 अगस्त को दर्ज हुई एफआईआर
फैक्ट फाइंडिंग कमेटी की रिपोर्ट एसएसपी दुर्ग को सौंपते हुए उचित कानूनी कार्रवाई का अनुरोध किया गया। इसके बाद 3 अगस्त को मोहन नगर थाने में कुलसचिव भूपेंद्र कुमार कुलदीप के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।
एफआईआर को रद्द कराने के लिए कुलसचिव ने हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया था। इसके अलावा उन्होंने फैक्ट फाइंडिंग कमेटी के गठन और उसकी रिपोर्ट को चुनौती देते हुए अलग रिट याचिका भी दायर की थी।
कई पक्षों को बनाया गया प्रतिवादी
याचिका में छत्तीसगढ़ राज्य, उच्च शिक्षा विभाग के सचिव, हेमचंद यादव विश्वविद्यालय के कुलपति, सहायक कुलसचिव, जांच समिति की समन्वयक एवं अधिष्ठाता छात्र कल्याण डॉ. नीलू श्रीवास्तव सहित दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी शुभांगी मराठे को प्रतिवादी बनाया गया था।
हाईकोर्ट द्वारा याचिका खारिज किए जाने के बाद अब मामले की पुलिस जांच आगे जारी रहेगी। एफआईआर में लगाए गए आरोपों की अंतिम पुष्टि जांच और न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही होगी।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!