✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार
दुर्ग, 09 सितंबर 2026। जिले के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को मेडिकल और इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षाओं की बेहतर तैयारी का अवसर देने के उद्देश्य से शुरू की गई सुपर-80 योजना के तहत चयनित विद्यार्थियों और उनके पालकों से शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने जेआरडी स्कूल में संवाद किया।
इस दौरान शिक्षा मंत्री ने विद्यार्थियों से उनकी पढ़ाई, तैयारी और सुविधाओं को लेकर चर्चा की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के सुशासन में ग्रामीण अंचलों की प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इसी उद्देश्य से शासकीय स्कूलों के प्रतिभावान विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
📚 परीक्षा के माध्यम से 80 विद्यार्थियों का चयन
सुपर-80 योजना के अंतर्गत शासकीय स्कूलों में अध्ययनरत एवं 12वीं उत्तीर्ण विद्यार्थियों में से 80 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों का चयन परीक्षा के माध्यम से किया गया है। चयनित विद्यार्थियों में ग्रामीण अंचल के बच्चों की भी बड़ी संख्या है।
🏫 विद्यार्थियों को मिलेंगी निःशुल्क सुविधाएं
योजना के तहत चयनित विद्यार्थियों को प्रमुख रूप से निम्न सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं—
- NEET/JEE की कोचिंग पूरी तरह निःशुल्क
- छात्र एवं छात्राओं के लिए अलग-अलग हॉस्टल
- निःशुल्क रहने एवं भोजन की व्यवस्था
- विशेषज्ञ शिक्षकों द्वारा टेस्ट सीरीज
- प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए रणनीति एवं मार्गदर्शन
💬 मंत्री ने कहा—मेहनत और अनुशासन ही सफलता की कुंजी
शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं है। अनुशासन, निरंतर मेहनत और सही दिशा में तैयारी से ही लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
संवाद के दौरान विद्यार्थियों और उनके पालकों ने हॉस्टल, भोजन और पढ़ाई से जुड़ी विभिन्न व्यवस्थाओं को लेकर सवाल पूछे। मंत्री ने उनकी जिज्ञासाओं का विस्तार से जवाब दिया और आवश्यक जानकारी दी।
उन्होंने संबंधित शिक्षकों को निर्देश दिए कि चयनित विद्यार्थियों की पढ़ाई और प्रगति पर निरंतर नजर रखी जाए, ताकि प्रत्येक विद्यार्थी अपनी क्षमता के अनुरूप बेहतर प्रदर्शन कर सके और NEET/JEE जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता हासिल कर सके।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!