✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार
दुर्ग। साइबर ठगी के खिलाफ दुर्ग पुलिस और साइबर सेल ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 9 म्यूल अकाउंट होल्डरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में गिरफ्तार आरोपियों के बैंक खातों से लाखों रुपये के संदिग्ध लेनदेन का पता चला है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि ठगी की रकम किन लोगों तक पहुंचती थी और इस पूरे नेटवर्क का मास्टरमाइंड कौन है।
कमीशन के लालच में साइबर अपराधियों को देते थे खाते
सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी के मुताबिक, आरोपी थोड़े से कमीशन के लालच में अपने बैंक खाते, पासबुक, एटीएम, चेकबुक और सिम कार्ड साइबर अपराधियों को उपलब्ध कराते थे। इन खातों का इस्तेमाल ठगी की रकम को छिपाने और एक खाते से दूसरे खाते में ट्रांसफर करने के लिए किया जाता था।
पुलिस के अनुसार म्यूल अकाउंट उपलब्ध कराने वाले लोगों को इसके बदले करीब 2 हजार से 15 हजार रुपये तक कमीशन दिया जाता था।
सुपेला और भिलाई भट्टी क्षेत्र से गिरफ्तारियां
पुलिस ने सुपेला थाना क्षेत्र से अमन कुमार राय और डोमेन्द्र कुमार सिन्हा को गिरफ्तार किया है। वहीं भिलाई भट्टी थाना क्षेत्र से दिनेश देशमुख, नितिश सिंह, विक्रम देशलहरे, भीष्म ध्रुव, के. सुनीता राव, स्मीता मसीह और गुनगुन देवांगन को पकड़ा गया है।
गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने बैंकिंग दस्तावेज, एटीएम, पासबुक और मोबाइल फोन जब्त किए हैं। पुलिस इन दस्तावेजों और डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है।
क्या होता है म्यूल अकाउंट?
साइबर अपराधी सीधे अपने बैंक खातों में ठगी की रकम जमा करने से बचते हैं। इसके लिए वे दूसरे लोगों के बैंक खातों, डिजिटल वॉलेट या अन्य वित्तीय माध्यमों का इस्तेमाल करते हैं। ऐसे खातों को म्यूल अकाउंट कहा जाता है।
कई मामलों में खाताधारक कमीशन के लालच में अपना खाता या बैंकिंग साधन दूसरे लोगों को उपलब्ध करा देते हैं। साइबर अपराधी इन खातों के जरिए ठगी की रकम को अलग-अलग खातों में ट्रांसफर कर उसे खपाने की कोशिश करते हैं।
पुलिस ने किया आम लोगों को अलर्ट
सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी व्यक्ति को अपना बैंक खाता, एटीएम, पासबुक, चेकबुक या सिम कार्ड इस्तेमाल के लिए न दें। कमीशन के लालच में ऐसा करना भारी पड़ सकता है और साइबर अपराध से जुड़े लेनदेन में खाता इस्तेमाल होने पर खाताधारक भी कानूनी कार्रवाई के दायरे में आ सकता है।
पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर साइबर ठगी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी है।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!