✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार
दुर्ग। सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत दुर्ग यातायात पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नशे की हालत में CNG गैस सिलेंडरों से भरे ट्रक को खतरनाक तरीके से चलाने वाले चालक को पकड़ लिया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से संभावित गंभीर हादसा टल गया।
यातायात पुलिस की इंटरसेप्टर टीम के अनुसार, ट्रक क्रमांक MP 37 ZL 4367 का चालक तेज रफ्तार में वाहन को लहराते हुए चला रहा था। इंटरसेप्टर वाहन ने चालक को रुकने का संकेत दिया, लेकिन उसने पुलिस के निर्देश की अनदेखी करते हुए ट्रक लेकर भागने का प्रयास किया।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एएसआई रेमन साहू, कांस्टेबल अंकित राय, साहिल खान और वरुण समासदार ने तत्काल ट्रक का पीछा किया। टीम ने लक्ष्मी पेट्रोल पंप के पास घेराबंदी कर ट्रक को रोक लिया।
चालक की जांच के लिए ब्रीथ एनालाइजर का इस्तेमाल किया गया, जिसमें 410 एमजी शराब की मात्रा दर्ज की गई। इसके बाद पुलिस ने ट्रक को जब्त कर चालक के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की और प्रकरण को अग्रिम कार्रवाई के लिए न्यायालय भेज दिया।
CNG गैस सिलेंडरों से भरे भारी वाहन को नशे की हालत में तेज रफ्तार और लापरवाही से चलाना बेहद गंभीर स्थिति पैदा कर सकता था। यातायात पुलिस की तत्परता से संभावित दुर्घटना को समय रहते रोका गया।
दुर्ग यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि शराब या किसी भी नशीले पदार्थ के सेवन के बाद वाहन न चलाएं तथा सड़क सुरक्षा नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करें।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!