✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार
मीनाक्षी नगर में सूने मकान को चोरों ने बनाया निशाना, पूजा में शामिल होने गया था परिवार; सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
दुर्ग। जिले के बोरसी स्थित मीनाक्षी नगर में 15 अगस्त की शाम चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाकर लाखों रुपए के सोने के जेवरात और नकदी पार कर दी। पीड़ित परिवार के मुताबिक चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 15 से 20 लाख रुपए बताई जा रही है। वारदात के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक मीनाक्षी नगर निवासी आदित्य सोनी 15 अगस्त की शाम करीब 6 बजे अपने परिवार के साथ पूजा में शामिल होने के लिए घर से बाहर गए थे। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने सूने मकान के मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ा और अंदर प्रवेश किया। चोर घर में रखे सोने के जेवरात और करीब 90 हजार रुपए नकद लेकर फरार हो गए।
घर लौटे तो टूटा मिला ताला
पूजा से वापस लौटने पर परिवार के सदस्यों ने मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ देखा। अंदर जाकर देखा तो घर का सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर सोने के जेवरात और नकदी गायब मिले। पीड़ित परिवार ने पुलिस को बताया कि चोरी हुए जेवरात की कीमत करीब 15 से 20 लाख रुपए है।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही पद्मनाभपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि संदिग्धों की पहचान की जा सके।
एएसपी मणिशंकर चंद्रा के मुताबिक चोरी की शिकायत दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है।
पूर्व गृहमंत्री के निवास के आसपास वारदात
मीनाक्षी नगर का यह इलाका इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि इसी क्षेत्र में छत्तीसगढ़ के पूर्व गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू का निवास भी बताया जाता है। ऐसे इलाके में दिनदहाड़े चोरी की वारदात होने से सुरक्षा और पुलिस गश्त को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
अगस्त में तीसरी बड़ी चोरी
बताया जा रहा है कि अगस्त महीने में दुर्ग शहर में यह तीसरी बड़ी चोरी की वारदात है। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से लोगों में चिंता बढ़ गई है। दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने पुलिस की गश्त और शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!