✍ किशोर कुमार छत्तीसगढ़ स्टेट रिपोर्टर हमर प्रदेश
दुर्ग में डेंगू का पहला मामला सामने आया, स्वास्थ्य विभाग और भिलाई निगम अलर्ट
भिलाई। दुर्ग जिले में डेंगू के पहले मामले की पुष्टि होने के बाद स्वास्थ्य विभाग और भिलाई नगर निगम अलर्ट मोड पर आ गया है। भिलाई टाउनशिप के सेक्टर-6 और सेक्टर-7 में डेंगू के दो संदिग्ध मरीज सामने आए थे, जिनके सैंपल जांच के लिए भेजे गए थे। एलाइजा (ELISA) टेस्ट रिपोर्ट में सेक्टर-7 निवासी एक मरीज में डेंगू संक्रमण की पुष्टि हुई है।
राहत की बात यह है कि संक्रमित मरीज का इलाज जारी है और उसकी स्थिति फिलहाल सामान्य एवं खतरे से बाहर बताई जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए भिलाई नगर निगम ने प्रभावित क्षेत्र में तत्काल डोर-टू-डोर सर्वे अभियान शुरू कर दिया है। स्वास्थ्य विभाग की टीम अब तक 81 से अधिक घरों की सघन जांच कर चुकी है।
सर्वे के दौरान घरों में रखे कूलर, पानी की टंकियों, ड्रम, गमलों और अन्य जलभराव वाले स्थानों की जांच की जा रही है। स्वास्थ्य अमला लोगों को मच्छरों के पनपने वाले स्थानों की नियमित सफाई करने और जमा पानी में मौजूद लार्वा को नष्ट करने के लिए जागरूक कर रहा है।
जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनोज दानी ने बताया कि बारिश के मौसम में जगह-जगह पानी जमा होने से मच्छरों का प्रकोप बढ़ जाता है। डेंगू की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगातार जागरूकता और बचाव अभियान चलाए जा रहे हैं
उन्होंने आम लोगों से अपील की है कि घर के अंदर और आसपास किसी भी स्थान पर पानी जमा न होने दें। कूलर, टंकी और अन्य पानी के बर्तनों की नियमित सफाई करें। मच्छरों से बचाव के लिए पूरी आस्तीन के कपड़े पहनें और यदि बुखार या डेंगू जैसे लक्षण दिखाई दें तो बिना देरी किए चिकित्सकीय परामर्श लें।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!