✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज स्टेट हेड रिपोर्टर — किशोर कुमार
दुर्ग। जिले में यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने और सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से दुर्ग यातायात पुलिस द्वारा लगातार सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सितंबर माह में व्यापक कार्रवाई करते हुए कुल 7,610 चालकों पर चालानी कार्रवाई की गई।
कार्रवाई में सबसे अधिक मामले बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने के सामने आए। पुलिस के अनुसार सितंबर में 6,517 वाहन चालकों के खिलाफ बिना हेलमेट वाहन चलाने पर कार्रवाई की गई। वहीं तेज रफ्तार एवं लापरवाही से वाहन चलाने वाले 178 चालकों, शराब के नशे में वाहन चलाने वाले 142 चालकों तथा प्रतिबंधित समय में नो-एंट्री का उल्लंघन कर शहर में भारी वाहन प्रवेश कराने वाले 29 वाहन चालकों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।
काली फिल्म के खिलाफ भी विशेष अभियान
इसी अभियान के तहत रात के समय शहर के प्रमुख चौराहों और मार्गों पर सघन वाहन चेकिंग की गई। इस दौरान चारपहिया वाहनों के शीशों पर नियम विरुद्ध लगी काली फिल्म के खिलाफ विशेष कार्रवाई की गई। चेकिंग के दौरान कई वाहनों को रोककर मौके पर ही शीशों से काली फिल्म हटवाई गई तथा वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने की हिदायत दी गई।
ब्लैक स्पॉट और दुर्घटना संभावित क्षेत्रों पर नजर
यातायात पुलिस द्वारा जिले के चिन्हित ब्लैक स्पॉट एवं दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में भी लगातार निगरानी रखी जा रही है। पुलिस का कहना है कि अभियान का उद्देश्य केवल चालानी कार्रवाई करना नहीं, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना और आम नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना है।
यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने और नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने की अपील की है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहने की बात पुलिस ने कही है।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!