✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार
दुर्ग/भिलाई। छावनी थाना क्षेत्र में तीन नाबालिग बच्चियों के साथ कथित तौर पर अश्लील हरकत करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत के बाद कार्रवाई करते हुए एक बुजुर्ग दुकानदार को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर आरोप है कि वह बच्चियों को चॉकलेट और नड्डा का लालच देकर अपनी दुकान पर बुलाता था और उनके साथ गलत हरकत करता था।
बच्चियों ने परिजनों को बताई घटना
जानकारी के अनुसार, करीब 8 से 9 वर्ष की तीन बच्चियों ने घटना की जानकारी अपने माता-पिता को दी। इसके बाद परिजनों ने छावनी थाने पहुंचकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। सोमवार रात करीब 9 से 9:30 बजे के बीच शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच शुरू की।
आरोपी गिरफ्तार, कोर्ट ने भेजा जेल
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार किया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर मंगलवार को न्यायालय में पेश किया गया। अदालत ने आरोपी को जेल भेज दिया है।
पुलिस ने तीनों बच्चियों का मेडिकल परीक्षण कराया है और उनके बयान भी दर्ज किए गए हैं। मेडिकल रिपोर्ट, बच्चियों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
छावनी CSP प्रशांत पैकरा ने बताया कि तीन बच्चियों ने थाने पहुंचकर एक बुजुर्ग दुकानदार द्वारा लगातार उनके साथ गलत हरकत किए जाने की शिकायत की थी। परिजनों की रिपोर्ट पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और बच्चियों का मेडिकल परीक्षण कराया गया है।
घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। नाबालिग बच्चियों से जुड़ा यह मामला एक बार फिर बच्चों की सुरक्षा और उनके प्रति जागरूकता को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है। पुलिस मामले में उपलब्ध सभी साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!