✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार
रायपुर के वाहन मालिक की शिकायत पर मोहन नगर पुलिस ने दर्ज किया अपराध, दूसरी कार पर नंबर प्लेट लगाने का आरोप
दुर्ग। शहर में एक कार के नंबर का कथित रूप से फर्जी तरीके से इस्तेमाल किए जाने का मामला सामने आया है। रायपुर निवासी वाहन मालिक मोनिश सोनी ने मोहन नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के मुताबिक उनकी टोयोटा वेलफायर कार क्रमांक CG 07 BZ 5226 के समान नंबर किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा दूसरी कार में इस्तेमाल किया जा रहा है।
शिकायत के आधार पर मोहन नगर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 336(3), 340(2), 345(3) और 347(1) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
चालान और टोल शुल्क कटने के बाद हुआ खुलासा
पुलिस को दिए आवेदन में मोनिश सोनी ने बताया कि उनकी कार उनके नाम से आरटीओ दुर्ग में पंजीकृत है। पिछले करीब एक साल से उन्हें इस बात की जानकारी मिल रही थी कि उनके वाहन का नंबर कोई अन्य व्यक्ति इस्तेमाल कर रहा है।
मोनिश के मुताबिक, उनके वाहन नंबर पर ट्रैफिक चालान और टोल शुल्क कटने की जानकारी सामने आने के बाद उन्हें पूरे मामले का पता चला। शिकायतकर्ता का दावा है कि उनके नाम से करीब 2 हजार रुपये का ट्रैफिक चालान और 7 से 8 हजार रुपये का टोल शुल्क कट चुका है।
कार ओडिशा नहीं ले गए, फिर भी वहां कटे चालान
शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि उन्होंने अपनी टोयोटा वेलफायर कार को कभी ओडिशा नहीं ले गए। इसके बावजूद उनके वाहन के नंबर से ओडिशा में संबंधित गतिविधियों और चालान की जानकारी सामने आई। इससे उन्हें आशंका हुई कि उनके वाहन का नंबर किसी दूसरी कार पर फर्जी तरीके से इस्तेमाल किया जा रहा है।
हरिनगर क्षेत्र में दिखी इसी नंबर की प्लेट वाली कार
शिकायत के अनुसार, इसी नंबर की प्लेट लगी एक अन्य कार को रजत होम्स के पास, हरिनगर दुर्ग क्षेत्र में इस्तेमाल किए जाने की जानकारी मिली है। वाहन मालिक ने पुलिस से फर्जी नंबर का इस्तेमाल करने वाले व्यक्ति की पहचान कर उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।
पुलिस जांच में जुटी
मोहन नगर पुलिस अब संबंधित वाहन, नंबर प्लेट, ट्रैफिक चालान और टोल रिकॉर्ड की जांच कर रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वास्तविक वाहन के नंबर का इस्तेमाल दूसरी कार में किसने और किस उद्देश्य से किया।
मामले की जांच के बाद ही फर्जी नंबर प्लेट इस्तेमाल करने वाले व्यक्ति और पूरे घटनाक्रम की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!