✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार
दुर्ग। दुर्ग जिले के खुर्सीपार थाना क्षेत्र से धोखाधड़ी का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। एक युवक ने फर्जी आधार कार्ड, पैन कार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस के सहारे सेल्फ ड्राइव के लिए अर्टिगा कार किराये पर ली और बाद में उसे बेचने की कोशिश करने लगा। मामले का खुलासा होने के बाद खुर्सीपार पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी ने वाहन किराये पर लेते समय अपनी पहचान राजकुमार सुरेश विश्वकर्मा के रूप में बताई थी। दस्तावेजों की जांच और पूछताछ के दौरान उसकी असली पहचान शुभम अनिल रामटेके, निवासी जरीपटका, नागपुर के रूप में सामने आई।
सेल्फ ड्राइव के लिए ली थी अर्टिगा
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक करमसेन नयापारा, नांदघाट निवासी हिमांशु वैष्णव दुर्ग के सिंधी कॉलोनी रोड पर मां भवानी सेल्फ ड्राइव एंड ट्रैवल्स का संचालन करते हैं। यहां ग्राहकों को किराये पर सेल्फ ड्राइव वाहन उपलब्ध कराया जाता है।
आरोपी ने इसी ट्रैवल्स से अर्टिगा वाहन किराये पर लिया था। वाहन लेने के लिए उसने फर्जी पहचान संबंधी दस्तावेज प्रस्तुत किए। इसके बाद आरोपी ने कथित तौर पर किराये पर लिए गए वाहन को ही बेचने की कोशिश शुरू कर दी।
फर्जी दस्तावेजों से खुला मामला
वाहन मालिक को जब अर्टिगा को बेचने की कोशिश किए जाने की जानकारी मिली, तो मामले की शिकायत खुर्सीपार थाने में की गई। पुलिस ने दस्तावेजों की जांच और पूछताछ की, जिसमें आरोपी द्वारा इस्तेमाल किए गए आधार कार्ड, पैन कार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस फर्जी पाए गए।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ने अपनी वास्तविक पहचान छिपाकर वाहन हासिल किया था। इसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी, कूटरचना एवं फर्जी दस्तावेजों के इस्तेमाल सहित विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर कार्रवाई की।
खुर्सीपार पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपी ने इस तरह की वारदात पहले भी की है या नहीं तथा उसके साथ इस अपराध में कोई अन्य व्यक्ति शामिल है या नहीं।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!