✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार
दुर्ग। दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में हुए दर्दनाक इमारत हादसे में जान गंवाने वाले दुर्ग निवासी युवराज सोनी का पार्थिव शरीर आज दुर्ग पहुंचा। शव पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। अपने इकलौते बेटे को खोने के गम में माता-पिता और बहन का रो-रोकर बुरा हाल रहा। परिजन शव से लिपटकर काफी देर तक रोते रहे।
बताया गया कि 6 सितंबर को दिल्ली के सत्य निकेतन में तीन मंजिला कमजोर इमारत अचानक भरभराकर गिर गई थी। हादसे में मलबे में दबने से कई लोगों की मौत हुई, जिनमें छात्र भी शामिल थे। घटना के बाद से मृतकों के परिवारों में मातम पसरा हुआ है।
दिल्ली में पढ़ाई कर रहा था युवराज
युवराज सोनी दिल्ली विश्वविद्यालय के मोतीलाल नेहरू कॉलेज में बीकॉम की पढ़ाई कर रहा था। वह अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। हादसे की खबर परिवार तक पहुंचते ही घर में मातम छा गया।
परिजनों के अनुसार, युवराज रक्षाबंधन के अवसर पर दुर्ग अपने घर आया था। उसने अपनी बहन से राखी बंधवाई और फिर पढ़ाई के लिए दिल्ली लौट गया। उस दौरान उसने परिवार को बताया था कि उसकी पढ़ाई अच्छी चल रही है।
परिवार को क्या पता था कि बहन से राखी बंधवाकर घर से निकला उनका बेटा अब कभी वापस नहीं लौटेगा।
बहन की आंखों में छलकता रहा दर्द
युवराज का पार्थिव शरीर दुर्ग पहुंचते ही पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। माता-पिता अपने इकलौते बेटे को खोने के सदमे में बदहवास नजर आए। वहीं बहन भाई के शव से लिपटकर लगातार रोती रही।
परिजनों और स्थानीय लोगों के लिए यह बेहद भावुक कर देने वाला क्षण था। हर किसी की आंखें नम थीं और लोग परिवार को ढांढस बंधाते नजर आए।
अंतिम दर्शन के लिए उमड़ी भीड़
युवराज के अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, रिश्तेदार और परिचित उनके घर पहुंचे। लोगों ने दिवंगत छात्र को श्रद्धांजलि अर्पित की और शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
स्थानीय लोगों ने कहा कि दुर्ग ने एक होनहार छात्र और परिवार का चिराग खो दिया है। परिवार ने भारी गम के बीच युवराज का अंतिम संस्कार किया।
सोनू सूद ने भी जताया दुख
सत्य निकेतन हादसे को लेकर अभिनेता सोनू सूद ने भी दुख जताया। उन्होंने छात्रों की सुरक्षा को लेकर सरकार से सुरक्षित और किफायती आवास उपलब्ध कराने की अपील की।
सोनू सूद ने सोशल मीडिया पर कहा कि हर साल लाखों छात्र अपने सपनों को पूरा करने के लिए दूसरे शहरों का रुख करते हैं। ऐसे में यह सुनिश्चित किया जाना जरूरी है कि छात्रों को रहने के लिए सुरक्षित जगह और बेहतर सुविधाएं मिलें।
दुर्ग के युवराज सोनी की मौत ने एक बार फिर महानगरों में पढ़ाई करने वाले छात्रों की सुरक्षित आवास व्यवस्था को
लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!