✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज दुर्ग ब्यूरो चीफ रिपोर्टर कलावती
दुर्ग । जिले को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की 218 करोड़ से अधिक की विकास सौगातमुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने दुर्ग जिले के विकास को गति देने के उद्देश्य से 218 करोड़ 48 लाख 29 हजार रुपये के विभिन्न विकास कार्यों की सौगात दी। इसमें 1 करोड़ 22 लाख रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण तथा 217 करोड़ 25 लाख 73 हजार रुपये की लागत वाले 23 विकास कार्यों का भूमिपूजन शामिल है।
इन विकास कार्यों के पूर्ण होने से दुर्ग जिले में सड़क एवं अधोसंरचना, शिक्षा, सिंचाई, स्वास्थ्य और ऊर्जा सहित विभिन्न क्षेत्रों में सुविधाओं का विस्तार होने की उम्मीद है।
सड़क एवं अधोसंरचना को मिलेगी मजबूती
विकास कार्यों के तहत पुलगांव-अंजोरा-रसमड़ा मार्ग तथा कुम्हारी-अहिवारा-पथरिया मार्ग सहित विभिन्न सड़कों के निर्माण, चौड़ीकरण और मजबूतीकरण के कार्य किए जाएंगे। इससे आवागमन की सुविधाओं में विस्तार होगा।
सिंचाई एवं जल संसाधन पर जोर
सिंचाई एवं जल संसाधन के क्षेत्र में सुरपा, मोहंदी, कपसदा, नंदौरी, तिरगा, गनियारी एवं रिसाली-उमरपोटी जलाशयों के जीर्णोद्धार तथा नहर लाइनिंग के कार्य प्रस्तावित हैं। इन कार्यों से सिंचाई व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
शिक्षा और कौशल विकास को बढ़ावा
शिक्षा एवं कौशल विकास के क्षेत्र में शासकीय पॉलिटेक्निक दुर्ग के विस्तार तथा लाइवलीहुड कॉलेज भवन निर्माण जैसे कार्य शामिल हैं। इससे विद्यार्थियों और युवाओं के लिए शैक्षणिक एवं कौशल प्रशिक्षण की सुविधाओं का विस्तार होगा।
स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार
स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में मेडिकल कॉलेज छात्रावास तथा जिला चिकित्सालय में जीएनएम प्रशिक्षण केंद्र के निर्माण कार्य भी शामिल हैं। इससे चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी अधोसंरचना को मजबूती मिलेगी।
ऊर्जा व्यवस्था होगी सुदृढ़
ऊर्जा क्षेत्र में जामगांव (आर) 132/33 केव्ही उपकेंद्र, पाटन-जामगांव उच्चदाब ट्रांसमिशन लाइन तथा अतिरिक्त विद्युत बे निर्माण के कार्य किए जाएंगे। इन परियोजनाओं से क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति एवं ट्रांसमिशन व्यवस्था को मजबूत करने में मदद मिलेगी।

मुख्यमंत्री द्वारा स्वीकृत इन विकास कार्यों को दुर्ग जिले में सड़क, शिक्षा, सिंचाई, स्वास्थ्य और ऊर्जा क्षेत्र की अधोसंरचना के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!