✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार
पाटन। दुर्ग जिले के पाटन थाना क्षेत्र में सड़क पर वाहन खड़ा कर यातायात बाधित करने और विवाद की स्थिति पैदा करने के मामले में पुलिस ने दो वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की है। घटना ग्राम फुण्डा पेट्रोल पंप के पास की है, जहां मुख्य सड़क पर पिकअप और आईचर ट्रक खड़े होने से आवागमन प्रभावित हुआ और विवाद की स्थिति निर्मित हो गई।
पुलिस के अनुसार, 25 मई 2026 की रात करीब 2 बजे पिकअप वाहन क्रमांक CG 04 CP 1340 और आईचर ट्रक क्रमांक CG 07 CZ 7732 को सड़क पर खड़ा किया गया था। इसी दौरान दोनों वाहन चालकों के बीच बहस और विवाद शुरू हो गया। सूचना मिलने पर पाटन थाना पुलिस और एसीसीयू टीम मौके पर पहुंची तथा दोनों पक्षों को समझाइश देकर स्थिति सामान्य करने का प्रयास किया।
समझाइश के बावजूद विवाद शांत नहीं होने पर पुलिस ने धारा 285 बीएनएस के तहत दोनों वाहन चालकों भूपेश कुमार बघेल, निवासी खोपली उतई, और राजू कुमार धुर्वे, निवासी कुण्डा कवर्धा, के खिलाफ अलग-अलग अपराध दर्ज किया।
इसके अलावा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए दोनों चालकों और उनके सहयोगियों भागवत वर्मा, मोहन सोरी और मानस चंदेल समेत कुल पांच लोगों के खिलाफ धारा 170/126, 135(3) बीएनएसएस के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। सभी को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
पुलिस ने मौके से दोनों वाहनों को जब्त कर लिया। जब्त वाहनों की कुल अनुमानित कीमत करीब 19 लाख रुपये बताई गई है, जिसमें पिकअप की कीमत लगभग 7 लाख और आईचर ट्रक की कीमत करीब 12 लाख रुपये है।
दुर्ग पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि सार्वजनिक मार्गों पर इस तरह वाहन खड़ा न करें, जिससे यातायात बाधित हो या आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़े। पुलिस ने स्पष्ट किया कि यातायात व्यवस्था बाधित करने और कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वालों के खिलाफ आगे भी त्वरित वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!