✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ | स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार
FIR और आरोप पत्र रद्द कराने की याचिका खारिज, जांच में सहयोग और दुर्ग जिला नहीं छोड़ने की शर्त
दुर्ग। दुर्ग जिले में करीब 5 एकड़ जमीन पर अफीम की कथित अवैध खेती से जुड़े मामले में पूर्व भाजपा नेता विनायक ताम्रकार को हाईकोर्ट से राहत मिली है। मंगलवार को चीफ जस्टिस रमेश सिन्हा और जस्टिस रवींद्र कुमार अग्रवाल की डिवीजन बेंच ने मामले की सुनवाई करते हुए उन्हें निर्धारित शर्तों के साथ जमानत देने का आदेश दिया।
सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट ने इस तथ्य पर गौर किया कि कार्रवाई के समय विनायक ताम्रकार मौके पर मौजूद नहीं थे और उनके कब्जे से किसी भी प्रकार का मादक पदार्थ बरामद नहीं हुआ था। इन परिस्थितियों को देखते हुए कोर्ट ने उन्हें जमानत देने का निर्णय लिया।
दुर्ग जिला छोड़ने पर रोक
जमानत देते हुए हाईकोर्ट ने विनायक ताम्रकार को जांच में सहयोग करने तथा मामले से जुड़े गवाहों को प्रभावित नहीं करने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही उन्हें दुर्ग जिला नहीं छोड़ने की शर्त भी लगाई गई है।
कोर्ट ने यह भी ध्यान में रखा कि मामले में पुलिस की जांच पूरी हो चुकी है और 29 जुलाई को आरोप पत्र अदालत में दाखिल किया जा चुका है।
सह आरोपियों को पहले ही मिल चुकी है जमानत
इसी मामले में सह आरोपी सुखराम विश्नोई और मदरूपा राम विश्नोई को भी इससे पहले 31 जुलाई को जमानत मिल चुकी है। जांच पूरी होने, आरोप पत्र दाखिल होने और मामले की अन्य परिस्थितियों को देखते हुए हाईकोर्ट ने विनायक ताम्रकार को भी जमानत प्रदान की।
FIR और आरोप पत्र रद्द करने की मांग खारिज
हालांकि, विनायक ताम्रकार को दूसरी याचिका में राहत नहीं मिली। उन्होंने अफीम की कथित खेती से जुड़े मामले में दर्ज FIR और दाखिल आरोप पत्र को रद्द करने की मांग की थी।
हाईकोर्ट ने इस याचिका को खारिज करते हुए कहा कि इस स्तर पर मामले में उपलब्ध साक्ष्यों की विस्तृत जांच कर अंतिम निष्कर्ष पर नहीं पहुंचा जा सकता। ऐसा करना मामले की सुनवाई शुरू होने से पहले ही पूरे प्रकरण की जांच करने जैसा होगा।
इस प्रकार हाईकोर्ट ने विनायक ताम्रकार को जमानत देकर राहत दी है, लेकिन FIR और आरोप पत्र रद्द करने की मांग को स्वीकार नहीं किया।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!