ब्लॉक रिपोर्टर वरुण देव नेताम नगरी जिला - धमतरी
हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज़
7 दिन में समस्या का निराकरण नहीं दुगली-गट्टासिल्ली तिराहे पर उग्र आंदोलन और चक्काजाम की चेतावनी किसानो ने दी
नगरी/ धमतरी
दुगली-कोलियारी क्षेत्र के 171 किसानों की गिरदावरी, पी.वी. (भौतिक सत्यापन) एवं लंबित रकबा सुधार की समस्या को लेकर किसानों ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र निराकरण की मांग की है। किसानों का कहना है कि एग्रीस्टैक में खसरा एवं रकबा दर्ज होने के बावजूद धान की बोवाई का रकबा शून्य प्रदर्शित हो रहा है। इसके चलते किसान अपना धान बेचने के लिए ऑनलाइन अथवा समिति के माध्यम से टोकन नहीं कटवा पा रहे हैं। टोकन कटवाने के प्रयास में गिरदावरी, पी.वी. एवं डीसीएस सत्यापन लंबित होने का संदेश प्रदर्शित हो रहा है।
किसानों ने बताया कि इस गंभीर समस्या से पूर्व में दुगली प्रवास के दौरान माननीय मंत्री टंकराम वर्मा को भी आवेदन के माध्यम से अवगत कराया गया था, लेकिन अब तक त्रुटि सुधार नहीं हो पाया है। इसके कारण 171 किसान धान विक्रय से वंचित होने की आशंका के चलते परेशान हैं। किसानों के सामने बैंक ऋण, सोसायटी कर्ज, ट्रैक्टर ऋण, समूह ऋण तथा कृषि दवाइयों एवं कीटनाशकों के उधार भुगतान की चिंता भी खड़ी हो गई है। किसानों का कहना है कि धान की फसल बेचकर ही वे अपने कर्ज और अन्य जरूरी देनदारियों का भुगतान कर सकते हैं।
ज्ञापन के माध्यम से किसानों ने प्रशासन से मांग की है कि प्रभावित किसानों के रकबे, गिरदावरी एवं भौतिक सत्यापन से जुड़ी त्रुटियों को तत्काल सुधारकर धान विक्रय के लिए टोकन कटवाने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि सात दिवस के भीतर समस्या का निराकरण नहीं किया गया तो आगामी 2 दिसंबर 2026 को सुबह 10 बजे से दुगली-गट्टासिल्ली तिराहे पर शासन-प्रशासन के खिलाफ उग्र आंदोलन एवं चक्काजाम किया जाएगा।* इसकी संपूर्ण जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
इस दौरान किसान तुलसीराम मंडावी ने कहा कि हम सभी किसान सालभर कड़ी मेहनत कर धान की फसल तैयार करते हैं। यदि समय पर सोसायटी में धान नहीं बेच पाएंगे तो बैंक और अन्य संस्थानों से लिए गए कर्ज का भुगतान कैसे कर पाएंगे। वहीं बंशीलाल सोरी ने कहा कि बार-बार समस्या से अवगत कराने के बावजूद शासन-प्रशासन द्वारा ध्यान नहीं दिया जा रहा है। किसानों को आंदोलन के लिए बाध्य होना पड़ रहा है।
जिसमें ज्ञापन सौंपने के दौरान तुलसीराम मंडावी, हीरालाल, बंशीलाल सोरी, भावसिंह कोर्राम, जलसुरम कुंजाम, रामलाल तुमरेती, अधनूराम मंडावी, नवल सिंह, दयालु मंडावी, शंभू टेकाम, रूपसिंह इंद्रजीत सहित आसपास के गांवों के बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!