✍️
हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार
दुर्ग। संवेदनशील प्रशासन और जनसेवा की मिसाल पेश करते हुए जिला प्रशासन दुर्ग ने गंभीर रूप से बीमार एवं दिव्यांग महिला की मदद के लिए विशेष पहल की है। आधार कार्ड बंद होने और मोबाइल नंबर अपडेट नहीं होने के कारण महिला लंबे समय से पेंशन से वंचित थी। कलेक्टर अभिजीत सिंह के निर्देश पर प्रशासन ने महिला की समस्या का समाधान करने के लिए घर पहुंच आधार सेवा उपलब्ध कराई।
जानकारी के अनुसार, महिला की समस्या को गंभीरता से लेते हुए जिला चिप्स (CHiPS) कार्यालय की टीम ने तत्काल कार्रवाई की। पहले कलेक्ट्रेट स्थित आधार केंद्र में आवश्यक बायोमेट्रिक अपडेट की प्रक्रिया पूरी की गई। इसके बाद महिला की शारीरिक असमर्थता को देखते हुए टीम उनके निवास पर पहुंची और आधार कार्ड में मोबाइल नंबर अपडेट किया।
मोबाइल नंबर अपडेट होने के बाद अब महिला के बैंक खाते को आधार से लिंक करने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इसके पश्चात डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के माध्यम से पेंशन की राशि सीधे उनके बैंक खाते में पहुंचने का रास्ता साफ हो गया है।
जिला प्रशासन की इस पहल से जरूरतमंद महिला को सरकारी योजना का लाभ मिलने की उम्मीद जगी है। यह कार्रवाई दर्शाती है कि प्रशासन जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने और जरूरतमंद नागरिकों को सम्मानपूर्वक उनका अधिकार दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है।
घर पहुंच आधार सेवा की यह पहल तकनीकी सुविधा के साथ मानवीय संवेदनशीलता और जनसेवा का भी उदाहरण बनी है।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!