Wednesday, November 25 2026
ताज़ा ख़बरें

Loading...

दिवाली में रायपुर ग्रामीण पुलिस की मुस्तैदी का दिखा असर, अपराधों में आई कमी; हत्या और लूट की वारदातें शून्य

State Head - KISHOR_HP
State Head - KISHOR_HP
5 Min Read 0 Comments
हमर प्रदेश छत्तीसगढ़
हमर प्रदेश छत्तीसगढ़

✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार

 

रायपुर। दीपावली पर्व के दौरान रायपुर ग्रामीण पुलिस की चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था का सकारात्मक असर देखने को मिला। धनतेरस से लेकर मातर पर्व तक इस वर्ष पिछले साल की तुलना में आपराधिक घटनाओं में कमी दर्ज की गई। पुलिस विभाग द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, इस बार त्योहारी सीजन में ग्रामीण क्षेत्रों में हत्या और लूट जैसी गंभीर वारदातों का एक भी मामला सामने नहीं आया।

 

पुलिस आंकड़ों के मुताबिक, वर्ष 2025 में दीपावली त्योहार के दौरान कुल 92 आपराधिक प्रकरण दर्ज किए गए थे, जबकि वर्ष 2026 में यह संख्या घटकर 83 रह गई। इस तरह पिछले वर्ष की तुलना में कुल 9 मामले कम दर्ज हुए।

 

बलवा और मारपीट के मामलों में भी गिरावट

 

त्योहारी सीजन में पुलिस की सतर्कता और सख्ती के चलते असामाजिक तत्वों पर नियंत्रण देखने को मिला। वर्ष 2025 में बलवा के 3 मामले दर्ज किए गए थे, जो इस वर्ष घटकर मात्र 1 रह गए। वहीं मारपीट और चोट पहुंचाने के मामलों में भी कमी आई। वर्ष 2025 में ऐसे 86 प्रकरण दर्ज हुए थे, जबकि वर्ष 2026 में इनकी संख्या घटकर 82 रही।

 

विधानसभा अनुविभाग में अपराधों में सबसे ज्यादा कमी

 

अपराध नियंत्रण के मामले में विधानसभा अनुविभाग का प्रदर्शन बेहतर रहा। विधानसभा, खरोरा, तिल्दा-नेवरा और धरसींवा थाना क्षेत्रों में हत्या के प्रयास, बलवा, लूट और चोट पहुंचाने से जुड़े मामलों में उल्लेखनीय कमी दर्ज की गई। वर्ष 2025 में इन क्षेत्रों में कुल 54 मामले सामने आए थे, जबकि इस वर्ष यह आंकड़ा घटकर 32 रह गया। इस तरह 22 मामलों की कमी दर्ज की गई।

 

माना अनुविभाग में बढ़े चोट पहुंचाने के मामले

 

माना अनुविभाग के अंतर्गत आने वाले थाना क्षेत्रों में पिछले वर्ष की तुलना में चोट पहुंचाने के मामलों में बढ़ोतरी दर्ज की गई। वर्ष 2025 में मंदिर हसौद और आरंग क्षेत्र में ऐसे 13 मामले दर्ज हुए थे। वहीं वर्ष 2026 में सिलतरा में 1, मंदिर हसौद में 12 और आरंग में 12 मामले सामने आए। इस प्रकार इन क्षेत्रों में कुल 25 प्रकरण दर्ज हुए, जो पिछले वर्ष की तुलना में लगभग दोगुने हैं।

 

नवा रायपुर अनुविभाग में कुल अपराधों का आंकड़ा स्थिर

 

नवा रायपुर अनुविभाग के अंतर्गत अभनपुर, राखी और गोबरा नवापारा थाना क्षेत्रों में अपराधों का कुल आंकड़ा दोनों वर्षों में समान रहा। वर्ष 2025 में अभनपुर थाना क्षेत्र में चोट पहुंचाने के 10 और हत्या के प्रयास का 1 मामला दर्ज हुआ था। राखी में 3 और गोबरा नवापारा में 11 मामले सामने आए थे।

 

वहीं वर्ष 2026 में हत्या के प्रयास का एक भी मामला दर्ज नहीं हुआ। अभनपुर में चोट पहुंचाने के 8, राखी में 6 और गोबरा नवापारा में 12 प्रकरण दर्ज किए गए। इस तरह दोनों वर्षों में कुल 26-26 मामले दर्ज हुए।

 

कुल मिलाकर दीपावली के दौरान रायपुर ग्रामीण पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था का असर अपराध के आंकड़ों में दिखाई दिया। हत्या और लूट जैसी गंभीर घटनाओं का नहीं होना राहत की बात रही, वहीं कुल आपराधिक प्रकरणों में भी कमी दर्ज की गई।

State Head - KISHOR_HP
Written by

State Head - KISHOR_HP

Contributing writer at THE NEWS HUB. Covering the latest developments in खबरे काम की.

Comments (0)

Leave a Comment

No comments yet. Be the first to share your thoughts!

Latest Videos