Tuesday, September 29 2026
ताज़ा ख़बरें

Loading...

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे बिलासपुर में नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति, बिलासपुर की प्रथम छमाही बैठक आयोजित ।*  

State Head - State_head_abhishek
State Head - State_head_abhishek
39 Views 5 Min Read 0 Comments
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे बिलासपुर में नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति, बिलासपुर की प्रथम छमाही बैठक आयोजित ।*   

*दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे बिलासपुर में नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति, बिलासपुर की प्रथम छमाही बैठक आयोजित ।*

 

*06 सदस्य कार्यालयों को राजभाषा शील्ड एवं राजभाषा ट्रॉफी से किया गया सम्मानित*

 

बिलासपुर – 27 अगस्त 2026

 

नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति, बिलासपुर की वर्ष 2026-27 की प्रथम छमाही बैठक का आयोजन श्री तरुण प्रकाश, महाप्रबंधक, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, बिलासपुर की अध्यक्षता में आज दिनांक 27 अगस्त 2026 को महाप्रबंधक कार्यालय के जोनल सभाकक्ष में किया गया । 

 

इस अवसर पर समिति के उपाध्यक्ष एवं मुख्य राजभाषा अधिकारी व प्रधान मुख्य वाणिज्य प्रबंधक, श्री बिजय कुमार द्वारा श्री तरुण प्रकाश, अध्यक्ष एवं महाप्रबंधक, द.पू.म.रेलवे, बिलासपुर तथा बिलासपुर नगर स्थित केंद्रीय कार्यालयों, उपक्रमों एवं निगमों के प्रमुखों एवं प्रतिनिधियों का स्वागत किया गया ।  

 

अक्टूबर 2025 से मार्च 2026 तक हुई राजभाषा प्रगति की समीक्षा हेतु आयोजित इस बैठक में बिलासपुर नगर स्थित केंद्रीय कार्यालयों, उपक्रमों एवं निगमों के कुल 38 सदस्य कार्यालय उपस्थित हुए । बैठक में गृह मंत्रालय, राजभाषा विभाग द्वारा निर्धारित कार्यसूची के अनुसार विस्तारपूर्वक चर्चा की गई । इस अवसर पर अध्यक्ष एवं महाप्रबंधक के करकमलों से नगर राजभाषा शील्ड प्रतिस्पर्धा-2025 में लघु कार्यालय श्रेणी में रेलवे भर्ती बोर्ड, बिलासपुर को प्रथम पुरस्कार, मौसम विज्ञान केन्द्र, बिलासपुर को द्वितीय पुरस्कार, मध्यम कार्यालय श्रेणी में डाकघर, बिलासपुर को प्रथम पुरस्कार, कोयला खान भविष्य निधि संगठन, बिलासपुर को द्वितीय पुरस्कार तथा दीर्घ कार्यालय श्रेणी में मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय, बिलासपुर को प्रथम पुरस्कार एवं एन.टी.पी.सी. बिलासपुर को द्वितीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया ।

 

अपने संबोधन में श्री तरुण प्रकाश, अध्यक्ष एवं महाप्रबंधक, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे बिलासपुर ने राजभाषा कार्यान्वयन के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले 06 सदस्य कार्यालयों को राजभाषा शील्ड एवं राजभाषा ट्रॉफी प्राप्त करने पर बधाई दी । उन्होंने कहा कि हिंदी भारत की राजभाषा है और सरकारी कामकाज में इसका अधिकाधिक प्रयोग किया जाना आवश्यक है । उन्होंने सभी सदस्य कार्यालयों से आग्रह किया कि अपने संवैधानिक दायित्वों का निर्वहन करते हुए अपने कार्यालय में राजभाषा हिंदी के प्रयोग-प्रसार में वृद्धि करें। श्री प्रकाश ने आगे कहा कि नराकास सचिवालय में दिनांक 14 सितंबर 2026 से 28 सितंबर 2026 तक राजभाषा पखवाड़ा मनाया जायेगा, जिसमें आयोजित प्रतियोगिताओं में सभी सदस्य कार्यालय अधिकाधिक संख्या में अपने अधिकारियों और कर्मचारियों को भाग लेने हेतु प्रोत्साहित करें । उन्होंने विश्वास जताया कि नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति, बिलासपुर (कार्यालय) को एक आदर्श समिति बनाने के लिए सभी सदस्य कार्यालय अपना सक्रिय सहयोग प्रदान करेंगे । 

 

इस अवसर पर श्री बिजय कुमार, उपाध्यक्ष/नराकास एवं प्रधान मुख्य वाणिज्य प्रबंधक ने कहा कि इस वर्ष गृह मंत्रालय, राजभाषा विभाग द्वारा हिंदी दिवस एवं छठा अखिल भारतीय राजभाषा सम्मेलन का आयोजन 14 एवं 15 सितंबर, 2026 को सिडको एक्जीबिशन सेंटर, नवी मुंबई में किया जा रहा है । उन्होंने सभी कार्यालयों में हिंदी पखवाड़ा/माह पूरे उत्साह से आयोजित करने के निदेश दिए । उन्होंने आगे कहा कि वर्ष 2025-26 की प्रथम बैठक में उप निदेशक (कार्यान्वयन), गृह मंत्रालय, राजभाषा विभाग, भोपाल द्वारा अनुरोध किया गया था कि नगर राजभाषा शील्ड प्रतिस्पर्धा में प्रदान किये जाने वाले पुरस्कारों की संख्या बढ़ाई जाए । इस पर विचार करते हुए पुरस्कारों की संख्या में वृद्धि की गई है तथा समिति के बैंक एवं बीमा श्रेणी के कार्यालयों को पृथक कर नराकास (बैंक) का गठन किया गया है । नगर राजभाषा शील्ड प्रतिस्पर्धा में पुरस्कार प्रदान करने हेतु तीन श्रेणियां निर्धारित की गई हैं, जिसमें 01 से 10 तक कार्मिकों वाले कार्यालय को लघु कार्यालय श्रेणी, 11 से 50 तक कार्मिकों वाले कार्यालय को मध्यम कार्यालय श्रेणी तथा 50 से अधिक कार्मिकों वाले कार्यालय को दीर्घ कार्यालय श्रेणी में रखा गया है । उन्होंने इन तीनों श्रेणियों में पुरस्कार प्राप्त करने वाले कार्यालयों को हार्दिक बधाई दी । उन्होंने समिति की पत्रिका “नगर ज्योति” के प्रकाशन हेतु सभी सदस्य कार्यालयों से अपने अधिकारियों एवं कर्मचारियों तथा उनके परिवार के सदस्यों की रचनाएं भिजवाने का भी आग्रह किया । इसके साथ ही उन्होंने सभी सदस्यों से अपने कार्यालयों में राजभाषा हिंदी के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार करने और हिंदी में कामकाज को बढ़ाने के निर्देश दिए ।

 

बैठक में कार्यसूची की प्रस्तुति श्री बिजय कुमार, उपाध्यक्ष एवं मुख्य राजभाषा अधिकारी, द.पू.म.रेलवे, बिलासपुर ने दी । बैठक के अंत में श्री पीताम्बर लाल जाटवर, सचिव एवं राजभाषा अधिकारी (मुख्यालय) ने अध्यक्ष सहित सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यावाद ज्ञापित किया ।

 

**************

 

अभिषेक कुमार पाण्डेय स्टेट हेड रिपोर्टर बिलासपुर छत्तीसगढ़ 

हमर प्रदेश सी जी

State Head - State_head_abhishek
Written by

State Head - State_head_abhishek

Contributing writer at THE NEWS HUB. Covering the latest developments in Entertainment.

Comments (0)

Leave a Comment

No comments yet. Be the first to share your thoughts!

Latest Videos