हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज
ब्लॉक रिपोर्टर - रविशंकर चौहान
जिला - कोरबा पाली
कोरबा। खदान विस्तार के नाम पर बेदखली के बाद बेहतर भविष्य का सपना देख रहे चंद्रनगर-जटराज के विस्थापित परिवार आज बुनियादी सुविधाओं के लिए दर-दर भटक रहे हैं। पुनर्वास के नाम पर छह अलग-अलग ठिकानों पर बसाए गए इन परिवारों का सब्र सोमवार को टूट गया। प्रशासनिक अनदेखी से आहत ग्रामीणों ने अनोखे और दर्दनाक तरीके से विरोध जताते हुए 'दंडवत न्याय यात्रा' निकाली। हाथों में मांगों का आवेदन लिए ग्रामीण सड़क पर लेटते हुए (दंडवत करते हुए) कलेक्टर कार्यालय तक पहुंचे और अपनी व्यथा सुनाई।
सुबह करीब 10 बजे घंटाघर स्थित डॉ. अंबेडकर चौक से शुरू हुई इस यात्रा ने हर राहगीर का ध्यान खींचा। ग्रामीणों का कहना है कि कलेक्टर, एसडीएम और एसईसीएल अधिकारियों को बार-बार आवेदन देने के बाद भी जब उनकी सुध नहीं ली गई, तो उन्हें मजबूरन विरोध का यह कठिन रास्ता चुनना पड़ा।
विस्थापन तो हुआ, पर पुनर्वास की तस्वीर अधूरी -
ग्रामीणों ने एसईसीएल कुसमुंडा प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि प्रबंधन ने गांव खाली कराने के लिए महज तीन दिन की मोहलत दी और प्रभावितों को छह अलग-अलग जगहों पर भेज दिया। इन नई बसाहटों में आज भी सड़क, नाली, शुद्ध पेयजल और शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाओं का घोर अभाव है।
विस्थापितों का स्पष्ट कहना है कि केवल चार दीवारें खड़ी कर देने से पुनर्वास पूरा नहीं होता। एक समाज के जीवनयापन के लिए वहां चारागाह, मुक्तिधाम, मंदिर-देवस्थल, सांस्कृतिक मंच, गार्डन, तालाब, खेल मैदान और मवेशियों के लिए शेड जैसी सामुदायिक व्यवस्थाएं भी अनिवार्य हैं।
कुदरत की मार और प्रबंधन की लापरवाही ने बढ़ाया संकट -
बदहाली के बीच हालिया चक्रवाती तूफान और बारिश ने विस्थापितों की कमर तोड़ दी है। ग्रामीणों के मुताबिक, अस्थायी रूप से बनाए गए झोपड़ीनुमा आशियाने तूफान में क्षतिग्रस्त हो गए हैं। वहीं, पक्के मकानों के निर्माण के लिए खोदे गए गड्ढों में पानी और मलबा भर गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि खदान क्षेत्र की पहाड़ी की ओर 'हाईवॉल' (सुरक्षा दीवार) नहीं बनाए जाने के कारण बारिश का पानी और मिट्टी सीधे निर्माणाधीन मकानों में घुस रही है, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। शौचालय न होने के कारण महिलाओं और बुजुर्गों को आज भी खुले में शौच जाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।
आश्वासनों से भरा पेट, अब खदान बंद करने की चेतावनी -
प्रभावित परिवारों का कहना है कि पूर्व में हुई बैठकों में मकान किराया देने सहित कई मांगों पर केवल कोरे आश्वासन दिए गए, जो आज तक धरातल पर नहीं उतरे। ग्रामीणों ने प्रशासन को अल्टीमेटम दिया है कि यदि पुनर्वास स्थलों पर तत्काल मूलभूत सुविधाएं बहाल नहीं की गईं, तो वे उग्र आंदोलन करते हुए खदान का कामकाज ठप कर देंगे।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!