Wednesday, November 25 2026
ताज़ा ख़बरें

Loading...

थानौद में गढ़ी जा रहीं 23 फीट तक की गणपति प्रतिमाएं, देशभर से मिल रहे ऑर्डर; विसर्जन को लेकर मूर्तिकारों की भावुक अपील

State Head - KISHOR_HP
State Head - KISHOR_HP
58 Views 5 Min Read 0 Comments
थानौद में गढ़ी जा रहीं 23 फीट तक की गणपति प्रतिमाएं, देशभर से मिल रहे ऑर्डर; विसर्जन को लेकर मूर्तिकारों की भावुक अपील

✍️ हमर प्रदेश | स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार

दुर्ग। गणेश चतुर्थी को लेकर दुर्ग जिले के ग्राम थानौद में तैयारियां जोरों पर हैं। विशाल और आकर्षक गणेश प्रतिमाओं के लिए पहचान बना चुके थानौद के मूर्तिकार इस बार 13 से 23 फीट तक की प्रतिमाएं तैयार कर रहे हैं। खास बात यह है कि यहां की प्रतिमाओं की मांग अब केवल छत्तीसगढ़ तक सीमित नहीं है, बल्कि महाराष्ट्र, कर्नाटक, तेलंगाना, केरल सहित कई राज्यों से भी ऑर्डर मिले हैं।

 

थानौद में 52 से अधिक मूर्तिकार हैं, जो लगभग पूरे साल प्रतिमा निर्माण के काम में जुटे रहते हैं। शिवनाथ नदी की काली मिट्टी से यहां गणपति और दुर्गा की प्रतिमाओं को आकार दिया जाता है। महीनों की मेहनत के बाद मिट्टी का साधारण ढांचा धीरे-धीरे भगवान के भव्य स्वरूप में बदल जाता है।

 

देश के कई राज्यों से मिले ऑर्डर

 

मूर्तिकार मिलन चक्रधारी के पंडाल में इस वर्ष 13 से 17 फीट तक की कई विशाल गणेश प्रतिमाएं तैयार की जा रही हैं। उनके यहां हैदराबाद, महाराष्ट्र और केरल से ऑर्डर मिले हैं।

 

वहीं मूर्तिकार राधेश्याम चक्रधारी के पंडाल में 23 फीट ऊंची गणपति प्रतिमा तैयार की जा रही है। इसे गणेश चतुर्थी के अवसर पर कोरबा में स्थापित किया जाएगा। इसके अलावा दो सिर और पांच सिर वाले गणपति के अनोखे स्वरूप भी लोगों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।

 

पूजा के बाद शुरू होता है प्रतिमा निर्माण

 

राधेश्याम चक्रधारी बताते हैं कि प्रतिमा निर्माण की शुरुआत पूजा-अर्चना के बाद की जाती है। उनका कहना है कि मिट्टी को भगवान का स्वरूप देते-देते मूर्तिकार की भावनाएं और भक्ति भी उस प्रतिमा से जुड़ जाती हैं।

 

बड़ी प्रतिमाओं के विसर्जन को लेकर चिंता

 

मूर्तिकारों ने बड़ी गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन को लेकर भी चिंता जताई है। राधेश्याम चक्रधारी ने भावुक अपील करते हुए कहा कि गणपति को जिस श्रद्धा और सम्मान के साथ घर या पंडाल में लाया जाता है, उसी भावना के साथ उनकी विदाई भी होनी चाहिए।

 

उन्होंने कहा कि प्रतिमा उतनी ही बड़ी बनवानी चाहिए, जितनी बड़ी प्रतिमा को सुरक्षित और सम्मानपूर्वक विसर्जित किया जा सके। भव्यता के साथ भगवान के स्वरूप की गरिमा और विसर्जन की मर्यादा का भी ध्यान रखना जरूरी है।

 

थानौद की मिट्टी और यहां के कलाकारों का हुनर इस गणेश चतुर्थी पर देश के कई राज्यों तक पहुंच रहा है। लेकिन मूर्तिकारों का संदेश भी उतना ही महत्वपूर्ण है—गणपति उत्सव में भव्यता के साथ आस्था, सम्मान और विसर्जन की मर्यादा भी कायम रहनी चाहिए।

State Head - KISHOR_HP
Written by

State Head - KISHOR_HP

Contributing writer at THE NEWS HUB. Covering the latest developments in खबरे काम की.

Comments (0)

Leave a Comment

No comments yet. Be the first to share your thoughts!

Latest Videos