त्यौहारों से पहले सीपत पुलिस का तगड़ा एक्शन: धारदार तलवार लहराकर दहशत फैलाने वाले 3 गुंडा बदमाश दबोचे, 4 फरार वारंटी भी पहुंचे जेल
बिलासपुर (सीपत)।
आगामी त्यौहारों के मद्देनजर क्षेत्र में शांति व कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सीपत पुलिस ने असामाजिक तत्वों के खिलाफ बड़ा अभियान छेड़ दिया है। पुलिस ने इलाके में खुलेआम धारदार हथियार लहराकर लोगों को डराने-धमकाने वाले 3 निगरानी बदमाशों को आर्म्स एक्ट के तहत गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही लंबे समय से चकमा दे रहे 4 स्थाई वारंटियों को भी घेराबंदी कर सलाखों के पीछे भेज दिया गया।
तलवार लहराकर दहशत फैला रहे थे बदमाश
बिलासपुर एसएसपी रजनेश सिंह ने आगामी पर्वों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से सभी थाना प्रभारियों को आदतन अपराधियों व वारंटियों पर नकेल कसने के कड़े निर्देश दिए हैं। इसी कड़ी में सीपत पुलिस को सूचना मिली कि क्षेत्र के कुछ आदतन गुंडा तत्व सार्वजनिक जगहों पर धारदार तलवार लहराते हुए ग्रामीणों को डरा-धमका रहे हैं। पुलिस टीम ने त्वरित दबिश देकर तीनों आरोपियों को रंगे हाथों धर दबोचा और उनके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की।
आर्म्स एक्ट में गिरफ्तार आरोपी:
* सोहन वर्मा (33 वर्ष), निवासी बाजारपारा, सीपत
* अमलेश उर्फ छोटू साहू (29 वर्ष), निवासी मडई
* राजकुमार केंवट (29 वर्ष), निवासी कौड़िया
लंबे समय से फरार 4 स्थाई वारंटी भी धरे गए
इसके अलावा पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए न्यायालय से जारी स्थाई वारंटों की तामीली के लिए विशेष टीम रवाना की और विभिन्न मामलों में लंबे समय से फरार चल रहे चार वारंटियों को गिरफ्तार कर लिया:
* जेठूराम वागले (72 वर्ष), निवासी जांजी
* मुन्ना लाल (65 वर्ष), निवासी पंधी
* महेंद्र केंवट (28 वर्ष), निवासी सेलर
* नील कमल सूर्यवंशी (46 वर्ष), निवासी सेलर
गिरफ्तार किए गए सभी सातों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि असामाजिक और उपद्रवी तत्वों के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा ताकि त्यौहारों के दौरान शांति व्यवस्था से खिलवाड़ करने की कोई हिम्मत न कर सके।
अभिषेक कुमार पाण्डेय स्टेट हेड रिपोर्टर बिलासपुर छत्तीसगढ़
हमर प्रदेश सी जी
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!