✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार
रायपुर। त्योहारी सीजन के मद्देनजर राजधानी रायपुर के प्रमुख बाजारों में खरीदारी के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ रही है। इसे देखते हुए यातायात पुलिस कमिश्नरेट रायपुर ने यातायात व्यवस्था और सुरक्षा को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है। गोल बाजार, सदर बाजार, मालवीय रोड, जय स्तंभ चौक, पंडरी मार्केट, पुरानी बस्ती और भाठागांव सहित प्रमुख बाजार क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस ड्रोन कैमरों से बाजारों की निगरानी कर रही है, वहीं नो-पार्किंग में खड़े 100 से अधिक वाहनों को क्रेन की मदद से हटाकर जब्त किया गया है।
लगातार पेट्रोलिंग से यातायात व्यवस्था दुरुस्त
बाजार क्षेत्रों में यातायात पुलिस के अधिकारी और जवान लगातार पेट्रोलिंग कर रहे हैं। सड़क पर जाम और आवागमन में बाधा उत्पन्न करने वाले वाहनों को तत्काल हटाया जा रहा है, ताकि खरीदारी के लिए आने वाले नागरिकों और व्यापारियों को परेशानी न हो।
नो-पार्किंग में वाहन खड़े करने वालों पर कार्रवाई
पुलिस ने नो-पार्किंग जोन और सड़क पर यातायात बाधित करने वाले वाहनों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। ऐसे वाहनों पर ई-चालान की कार्रवाई की जा रही है। इसके साथ ही क्रेन के माध्यम से वाहनों को हटाया जा रहा है। अभियान के दौरान अब तक 100 से अधिक वाहनों को हटाकर जब्त किया जा चुका है।
ड्रोन कैमरों से बाजारों पर नजर
यातायात व्यवस्था के साथ कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ड्रोन कैमरों के जरिए प्रमुख बाजार क्षेत्रों की हवाई निगरानी कर रही है। इसका उद्देश्य भीड़भाड़ वाले इलाकों में किसी भी तरह की अव्यवस्था, जाम या सुरक्षा संबंधी स्थिति पर तत्काल कार्रवाई करना है।
पुलिस की नागरिकों से अपील
यातायात पुलिस कमिश्नरेट रायपुर ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने वाहन केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करें। सड़क पर सफेद पट्टी के भीतर ही वाहन पार्क करें तथा नो-पार्किंग जोन और संकरे रास्तों पर वाहन खड़ा करने से बचें।
पुलिस ने कहा है कि त्योहार के दौरान सुगम एवं सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। नागरिक यातायात नियमों का पालन करें और पुलिस प्रशासन का सहयोग करें।
हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!