तोकापाल में बस्तर ओलंपिक 2026 का भव्य आगाज
हमर प्रदेश सीजी न्यूज़
स्टेट हेड रिपोर्टर- मनोज कुमार भट्ट
जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती वेदवती कश्यप ने बढ़ाया खिलाड़ियों का हौसला
जगदलपुर, 16 नवम्बर 2026/ बस्तर की छिपी हुई खेल प्रतिभाओं को निखारने और उन्हें राष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने के उद्देश्य से सोमवार को तोकापाल में विकासखंड स्तरीय बस्तर ओलंपिक 2026 का उत्साहपूर्ण शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती वेदवती कश्यप ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया और खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए श्रीमती वेदवती कश्यप ने कहा कि बस्तर ओलंपिक केवल एक साधारण खेल प्रतियोगिता नहीं है, बल्कि यह बस्तर की माटी में छिपे खेल प्रतिभाओं को नई पहचान दिलाने और उन्हें जीवन में आगे बढ़ने का एक सुनहरा अवसर प्रदान करने का सशक्त मंच है। उनका विश्वास है कि इस आयोजन से ग्रामीण अंचल के युवा खिलाड़ियों को अपनी क्षमता दिखाने का मौका मिलेगा और वे भविष्य में बस्तर का नाम रोशन करेंगे। पूरे आयोजन के दौरान खिलाड़ियों और दर्शकों में जबरदस्त उत्साह और उमंग देखने को मिली।

इस गरिमामय अवसर पर जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रामबती भंडारी, जिला पंचायत सदस्य सुश्री पद्मनी कश्यप, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष श्री रितेश जोशी तथा जनपद सदस्य श्री गंगा राम बघेल विशेष रूप से मंचासीन रहे। कार्यक्रम में क्षेत्र के समस्त सरपंचगण, विभिन्न गांवों के अधिकारीगण, शिक्षकगण और बड़ी संख्या में स्कूल छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे, जो तालियों की गड़गड़ाहट के साथ प्रतिभागियों का मान बढ़ाया।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!