✍️हेतराम साहू स्टेट हेड रिपोर्टर हमर प्रदेश छत्तीसगढ़
₹5,500 प्रति मानक बोरा की दर से मिल रहा देश में सर्वाधिक संग्रहण पारिश्रमिक, 300 परिवारों को सामाजिक सुरक्षा योजना से ₹3.60 करोड़ की अतिरिक्त सहायता
रायगढ़/धरमजयगढ़। छत्तीसगढ़ के वनांचल में मेहनत और पसीने से तेंदूपत्ता संग्रहण करने वाले लाखों परिवारों के लिए बड़ी खुशखबरी है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ में तेंदूपत्ता संग्राहकों को संग्रहण वर्ष 2024 के लिए प्रोत्साहन पारिश्रमिक (बोनस) वितरण का शुभारंभ किया। इस योजना के तहत प्रदेश के 4 लाख 25 हजार 507 तेंदूपत्ता संग्राहकों को कुल 62.27 करोड़ रुपये की बोनस राशि प्रदान की जाएगी।
386 समितियों के संग्राहकों को मिलेगा बोनस
इस प्रोत्साहन राशि का लाभ प्रदेश की 386 प्राथमिक वनोपज सहकारी समितियों से जुड़े संग्राहकों को मिलेगा। सरकार की इस पहल को वनवासी परिवारों की मेहनत का सम्मान और उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
देश में सबसे अधिक ₹5,500 प्रति मानक बोरा पारिश्रमिक
छत्तीसगढ़ सरकार तेंदूपत्ता संग्राहकों को देश में सर्वाधिक ₹5,500 प्रति मानक बोरा की दर से संग्रहण पारिश्रमिक दे रही है। संग्रहण वर्ष 2026 में प्रदेश के 11.53 लाख संग्राहक परिवारों ने 13.85 लाख मानक बोरा तेंदूपत्ता संग्रहण किया, जिसके एवज में उन्हें कुल ₹761.90 करोड़ का भुगतान किया गया है।
सामाजिक सुरक्षा योजना से 300 परिवारों को अतिरिक्त सहायता
तेंदूपत्ता संग्राहकों और उनके परिवारों की सामाजिक सुरक्षा को मजबूत करने के लिए राजमोहिनी देवी तेंदूपत्ता संग्राहक सामाजिक सुरक्षा योजना के तहत 300 नए प्रकरणों में ₹3.60 करोड़ की अतिरिक्त सहायता राशि भी वितरित की जा रही है। इससे जरूरतमंद परिवारों को आर्थिक संबल मिलेगा।
मेहनतकश वनवासी परिवारों को आर्थिक मजबूती देने पर जोर
सुशासन सरकार का उद्देश्य तेंदूपत्ता संग्राहकों की मेहनत का उचित सम्मान करना, वन आधारित आजीविका का विस्तार करना और वनवासी परिवारों को सामाजिक एवं आर्थिक सुरक्षा प्रदान करना है। बोनस वितरण और सामाजिक सुरक्षा सहायता के माध्यम से सरकार ने वनांचल के मेहनतकश परिवारों के कल्याण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है।
तेंदूपत्ता संग्राहकों के लिए यह पहल केवल बोनस वितरण नहीं, बल्कि उनके श्रम के सम्मान, आर्थिक आत्मनिर्भरता और सुरक्षित भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!