तीसरी आंख की मदद से तखतपुर पुलिस का बड़ा खुलासा: 15 हजार की पाइप चोरी करने वाली दो महिला चोर गिरफ्तार, माल बरामद
तखतपुर (बिलासपुर)।
सीसीटीवी कैमरों की सतर्क निगरानी और तखतपुर पुलिस की मुस्तैदी से चोरी के एक मामले का 24 घंटे के भीतर पर्दाफाश हो गया है। स्टेट बैंक के पीछे से एल्युमिनियम पाइप चुराने के आरोप में पुलिस ने कॉलेजपारा निवासी दो महिलाओं को रंगे हाथ साक्ष्यों के आधार पर गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया पूरा मशरूका भी बरामद कर लिया है।

स्टेट बैंक के पीछे से पार कर दी थी एल्युमिनियम पाइप
घटना के संबंध में प्रार्थी ने 4 सितंबर को तखतपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि स्टेट बैंक के पीछे रखे करीब 15,000 रुपये कीमत के एल्युमिनियम की वेस्ट कटिंग पाइप अज्ञात चोरों ने पार कर दिए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल अपराध क्रमांक 522/2026, धारा 305 (बीएनएस) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
सीसीटीवी फुटेज ने खोला राज
थाना प्रभारी निरीक्षक अवनीश पासवान के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज की जांच के दौरान दो संदिग्ध महिलाओं की गतिविधियां कैमरे में कैद पाई गईं। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर कॉलेजपारा की रहने वाली फूलमनी देवार और दिया देवार को हिरासत में लिया।
जुर्म कबूला, पूरा माल बरामद
कड़ाई से पूछताछ करने पर दोनों महिलाओं ने चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। उनके मेमोरेंडम बयान और निशानदेही पर गवाहों के समक्ष चोरी गई 15,000 रुपये कीमत की पूरी एल्युमिनियम पाइप बरामद कर जब्त कर ली गई। कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
सराहनीय भूमिका:
त्वरित कार्रवाई और आरोपियों की धरपकड़ में थाना प्रभारी निरीक्षक अवनीश पासवान, सउनि रमेश ओरके, वरिष्ठ आरक्षक राजकुमार श्याम, हरीश यादव, नरेश निराला एवं संतोष पोर्ते की मुख्य भूमिका रही।
अभिषेक कुमार पाण्डेय स्टेट हेड रिपोर्टर बिलासपुर छत्तीसगढ़

हमर प्रदेश सी जी
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!