✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज़ पद: जिला रिपोर्टर जिला: कांकेर नाम: शैलेन्द्र जैन
32 वर्षों तक पुलिस विभाग में दी सेवाएं, सहकर्मियों ने सम्मानित कर उज्ज्वल भविष्य की कामना की
कांकेर | उत्तर बस्तर कांकेर पुलिस अधीक्षक कार्यालय परिसर में सेवानिवृत्त हो रहे उप निरीक्षक रमेश राम भगत एवं सहायक आरक्षक अस्सी राम कोमरा के सम्मान में गरिमामय विदाई समारोह का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा के नेतृत्व में आयोजित इस समारोह में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दोनों पुलिसकर्मियों के लंबे सेवाकाल, कर्तव्यनिष्ठा और विभाग के प्रति समर्पण को याद करते हुए उन्हें सम्मानपूर्वक विदाई दी।
समारोह में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश साहू, डीएसपी प्रतिभा लहरे एवं उप पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) विंकेश्वरी पिंदे सहित पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। इस दौरान सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों को प्रतीक चिह्न, शाल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया गया। वहीं अधिकारियों एवं सहकर्मियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनके प्रति सम्मान और आत्मीयता व्यक्त की।
उप निरीक्षक रमेश राम भगत ने 09 मई 1994 को आरक्षक के पद से अपनी पुलिस सेवा प्रारंभ की थी। लगभग 32 वर्षों के सेवाकाल में उन्होंने मध्यप्रदेश के जिला गुना सहित उत्तर बस्तर कांकेर जिले के विभिन्न थानों एवं शाखाओं में अपनी सेवाएं दीं। उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान निष्ठा, ईमानदारी एवं अनुशासन के साथ विभागीय दायित्वों का निर्वहन किया।
वहीं सहायक आरक्षक अस्सी राम कोमरा ने 02 अगस्त 2011 को पुलिस विभाग में अपनी सेवा प्रारंभ की थी। लगभग 15 वर्षों के सेवाकाल में उन्होंने विभिन्न जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए कर्मठता, अनुशासन एवं समर्पण के साथ विभाग में अपना योगदान दिया।
इस अवसर पर वरिष्ठ अधिकारियों ने कहा कि पुलिस सेवा केवल नौकरी नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के प्रति समर्पण एवं जिम्मेदारी का प्रतीक है। दोनों पुलिसकर्मियों ने अपने सेवाकाल में पूरी निष्ठा और ईमानदारी से कर्तव्यों का पालन करते हुए विभाग की गरिमा बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उनका अनुभव और सेवाभाव आने वाली पीढ़ी के पुलिसकर्मियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा।
कार्यक्रम के अंत में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दोनों सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों के आगामी जीवन के लिए उत्तम स्वास्थ्य, सुख-समृद्धि एवं मंगलमय भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर मुख्य लिपिक विजय देवांगन, उप निरीक्षक हनुमंत जैन, उप निरीक्षक दयालु राम साहू, उप निरीक्षक डोमार सिंह पिपरिया, प्रशिक्षु सूबेदार रोहित वर्मा एवं संजय ध्रुव सहित पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी तथा सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों के परिजन उपस्थित रहे।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!