तिफरा में चाकू चमकाकर राहगीरों में खौफ भर रहा था बदमाश, सिरगिट्टी पुलिस ने घेराबंदी कर भेजा जेल
बिलासपुर: आगामी त्योहारों के मद्देनजर शहर में गुंडे-बदमाशों और चाकूबाजों के खिलाफ पुलिस ने अभियान तेज कर दिया है। यदुनंदन नगर, तिफरा के पास सरेराह हाथ में धारदार चाकू लहराकर आम लोगों को डराने-धमकाने वाले एक आदतन उत्पाती युवक को सिरगिट्टी पुलिस ने रंगे हाथ दबोच लिया। आरोपी को आर्म्स एक्ट के तहत गिरफ्तार कर सीधे जेल दाखिल कराया गया है।
राहगीरों पर जमा रहा था धौंस, मुखबिर की सूचना पर बिछाया जाल

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (डीआईजी) रजनेश सिंह के निर्देश पर आगामी त्योहारों को देखते हुए शहर में शांति व्यवस्था कायम रखने, अड्डेबाजी और नशेड़ियों पर नकेल कसने के लिए विशेष निगरानी अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में सीएसपी सिविल लाइन और थाना प्रभारी प्रशिक्षु डीएसपी आकाश चौधरी के नेतृत्व में सिरगिट्टी पुलिस की टीम इलाके में गश्त पर थी।
उसी दौरान मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली कि कुंदरापारा-तिफरा के पास एक युवक हाथ में खुला धारदार चाकू लेकर आने-जाने वाले लोगों को धमका रहा है और इलाके में दहशत फैलाने की कोशिश कर रहा है।
घेराबंदी कर दबोचा, धारदार चाकू जब्त
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर चारों तरफ से घेराबंदी की और संदेही को धर दबोचा। तलाशी लेने पर उसके पास से लोहे का खतरनाक धारदार चाकू बरामद किया गया।
गिरफ्तार आरोपी: करन साहू (23 वर्ष), पिता संतराम साहू, निवासी कुंदरापारा, तिफरा (थाना सिरगिट्टी, बिलासपुर)।
कार्रवाई: आरोपी के खिलाफ थाना सिरगिट्टी में अपराध क्रमांक 661/2026, धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
सिरगिट्टी पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि सार्वजनिक स्थानों पर नशाखोरी, गुंडागर्दी या अशांति फैलाने वाले असमाजिक तत्वों की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। पुलिस ने साफ चेतावनी दी है कि त्योहारों में खलल डालने वालों और हथियार चमकाने वालों के खिलाफ यह सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
अभिषेक कुमार पाण्डेय स्टेट हेड रिपोर्टर बिलासपुर छत्तीसगढ़

हमर प्रदेश सी जी
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!