Wednesday, September 30 2026
ताज़ा ख़बरें

Loading...

ट्रेन के AC कोच के यात्री भी रहें सावधान! रायपुर आ रही छात्रा की सोने की चेन चोरी, 29 दिनों में दर्ज हुईं चोरी की 14 वारदातें

State Head - Kishor
State Head - Kishor
25 Views 5 Min Read 0 Comments
ट्रेन के AC कोच के यात्री भी रहें सावधान! रायपुर आ रही छात्रा की सोने की चेन चोरी, 29 दिनों में दर्ज हुईं चोरी की 14 वारदातें

✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार

रायपुर। राजधानी रायपुर से गुजरने वाली ट्रेनों में यात्रियों के कीमती सामान की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ रही है। चोर अब केवल जनरल और स्लीपर कोच ही नहीं, बल्कि AC कोचों को भी निशाना बना रहे हैं। ताजा मामला दुर्ग सुपरफास्ट एक्सप्रेस का है, जिसमें AC-2 कोच में सफर कर रही एक छात्रा का बैग चोरी हो गया। बैग में करीब 15 ग्राम सोने की चेन, आधार कार्ड, पैन कार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस समेत अन्य सामान रखा था।

जानकारी के मुताबिक, नई दिल्ली में रहकर पढ़ाई करने वाली प्रीति चौहान शुक्रवार को दुर्ग सुपरफास्ट एक्सप्रेस के A-1 कोच की सीट नंबर-1 से रायपुर आ रही थीं। सफर के दौरान उन्होंने अपनी सोने की चेन बैग में रख दी थी। रात में जब वह गहरी नींद में थीं, तभी अज्ञात चोर उनका बैग लेकर फरार हो गया।

भाटापारा स्टेशन के पास आंख खुलने पर छात्रा को बैग चोरी होने की जानकारी मिली। इसके बाद उन्होंने मामले की शिकायत की। पीड़िता की शिकायत पर रायपुर जीआरपी ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

29 दिनों में ट्रेनों में चोरी के 14 मामले

रायपुर जीआरपी के मुताबिक, ट्रेनों और रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों के मोबाइल, सोना-चांदी और अन्य कीमती सामान चोरी होने की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं। पिछले 29 दिनों में ट्रेनों के भीतर चोरी की 14 वारदातें सामने आई हैं। इन मामलों में जीआरपी ने जीरो एफआईआर दर्ज कर संबंधित थाना क्षेत्रों में कार्रवाई के लिए भेजा है।

वहीं, मोबाइल चोरी या गुम होने की 41 शिकायतें भी सामने आ चुकी हैं। लगातार सामने आ रही घटनाओं ने ट्रेन यात्रियों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

चोरों पर शिकंजा कसने की तैयारी

मामले को लेकर आरपीएफ के सीनियर कमांडेंट रमन कुमार ने बताया कि ट्रेनों में चोरी की घटनाओं को रोकने और आरोपियों की धरपकड़ के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। जल्द ही रेल एसपी के साथ संयुक्त टीम गठित कर ट्रेनों में होने वाली चोरी की घटनाओं पर प्रभावी तरीके से अंकुश लगाने की दिशा में काम किया जाएगा।

ट्रेनों में चोरी की प्रमुख घटनाएं

केस-1: भीड़ का फायदा उठाकर मंगलसूत्र चोरी

राजधानी निवासी ममता सिन्हा 26 अगस्त को समता एक्सप्रेस के जनरल कोच से डोंगरगढ़ जा रही थीं। ट्रेन में चढ़ते समय काफी भीड़ और धक्का-मुक्की थी। कोच में बैठने के कुछ देर बाद उन्हें पता चला कि उनका मंगलसूत्र गायब है। आशंका है कि भीड़ का फायदा उठाकर किसी चोर ने मंगलसूत्र पार कर दिया।

केस-2: गहरी नींद का फायदा उठाकर चांदी का ब्रेसलेट चोरी

जितेंद्र कुमार 14 अगस्त को शिवनाथ एक्सप्रेस के S-1 कोच से रायपुर आ रहे थे। नागपुर तक उनके हाथ में चांदी का ब्रेसलेट था। रात में सोने के बाद जब रायपुर पहुंचकर उनकी नींद खुली, तो ब्रेसलेट गायब मिला। आसपास तलाश करने के बावजूद जब उसका पता नहीं चला, तो उन्होंने जीआरपी में शिकायत दर्ज कराई।

यात्रियों के लिए जरूरी सावधानी

रेल यात्रा के दौरान यात्रियों को अपने मोबाइल, पर्स, आभूषण और जरूरी दस्तावेजों को सुरक्षित रखना चाहिए। रात में सोते समय कीमती सामान को बैग में रखकर सीट से बांधकर या अपने पास सुरक्षित रखना बेहतर है। साथ ही किसी अनजान व्यक्ति पर सामान की जिम्मेदारी छोड़ने से बचना चाहिए।

State Head - Kishor
Written by

State Head - Kishor

Contributing writer at THE NEWS HUB. Covering the latest developments in अपराध.

Comments (0)

Leave a Comment

No comments yet. Be the first to share your thoughts!

Latest Videos