Wednesday, November 25 2026
ताज़ा ख़बरें

Loading...

ट्रांसपोर्ट कारोबारी के ठिकानों पर स्टेट GST की जांच जारी, 12 कंप्यूटर और पुराने रिकॉर्ड खंगाले

State Head - KISHOR_HP
State Head - KISHOR_HP
56 Views 5 Min Read 0 Comments
ट्रांसपोर्ट कारोबारी के ठिकानों पर स्टेट GST की जांच जारी, 12 कंप्यूटर और पुराने रिकॉर्ड खंगाले

✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार

दुर्ग। जिले के ट्रांसपोर्ट कारोबारी इंद्रजीत सिंह के ठिकानों पर स्टेट GST की जांच दूसरे दिन भी जारी रही। मंगलवार को 12 सदस्यीय GST टीम ने करीब 9 घंटे तक दस्तावेजों और डिजिटल रिकॉर्ड की जांच की। कार्रवाई सुबह 11 बजे शुरू हुई और रात करीब 8:30 बजे तक चली।

GST अधिकारियों ने HTC के रिकॉर्ड के साथ इंद्रजीत सिंह से जुड़ी दूसरी कंपनी दलबीर सिंह एंड सन्स पार्टनरशिप के दस्तावेजों की भी जांच की। टीम अब दोनों कंपनियों के वर्ष 2020-21 से जुड़े रिकॉर्ड, लेनदेन, ऑडिट रिपोर्ट और कंसाइनमेंट की जानकारी खंगाल रही है।

BSP के साथ दो सीमेंट फैक्ट्रियों के वर्क ऑर्डर मिले

जांच के दौरान सामने आया कि इंद्रजीत सिंह की ट्रांसपोर्ट कंपनियों का कारोबार केवल भिलाई स्टील प्लांट (BSP) तक सीमित नहीं है। दो सीमेंट फैक्ट्रियों के लिए भी ट्रांसपोर्टेशन का काम किए जाने की जानकारी सामने आई है।

इन संस्थानों की ओर से ट्रांसपोर्टेशन के लिए जारी किए गए वर्क ऑर्डर GST टीम को मिले हैं। अब अधिकारी वर्क ऑर्डर के आधार पर किए गए काम, कंपनी के बिल, कंसाइनमेंट और लेनदेन का मिलान कर रहे हैं।

कंपनी द्वारा BSP और सीमेंट फैक्ट्रियों से माल उठाकर देश के अलग-अलग हिस्सों तक पहुंचाए जाने की जानकारी भी जांच में सामने आई है। इससे कारोबार का दायरा भिलाई से बाहर तक फैला होने की बात सामने आ रही है।

तीन दिन का सर्च वारंट, बुधवार को भी हो सकती है जांच

जानकारी के मुताबिक GST टीम ने कोर्ट से तीन दिन का सर्च वारंट हासिल किया है। मंगलवार रात टीम वापस लौटी। वारंट की अवधि को देखते हुए बुधवार को भी टीम दोबारा ठिकानों पर पहुंच सकती है।

अधिकारियों के मुताबिक ऑडिट रिपोर्ट और कंसाइनमेंट से जुड़े दस्तावेज भी जांच के लिए मंगाए जा सकते हैं। इन दस्तावेजों का कंपनी के रिकॉर्ड और लेनदेन से मिलान किया जाएगा। इसके बाद ही टैक्स से जुड़े किसी अंतर या अनियमितता की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

12 कंप्यूटर और 20 कर्मचारियों से जुड़े रिकॉर्ड की जांच

कार्रवाई के दौरान GST टीम ने कार्यालय में मौजूद 12 कंप्यूटरों की भी जांच की। इसके अलावा करीब 20 कर्मचारियों से जुड़े दस्तावेज और रिकॉर्ड भी खंगाले गए।

अधिकारी कागजी दस्तावेजों के साथ डिजिटल रिकॉर्ड की भी जांच कर रहे हैं, ताकि कारोबार और लेनदेन में किसी तरह का अंतर होने की स्थिति का पता लगाया जा सके।

GST अधिकारियों ने इंद्रजीत सिंह से स्क्रैप ट्रेडिंग को लेकर भी पूछताछ की। पूछताछ में उन्होंने बताया कि पहले स्क्रैप ट्रेडिंग का कारोबार था, लेकिन लंबे समय से यह बंद है। इसके बावजूद पुराने कारोबार से जुड़े रिकॉर्ड को भी जांच के दायरे में लिया जा सकता है।

बलौदाबाजार यार्ड में भी हुई थी जांच

इससे पहले सोमवार को GST टीम ने बलौदाबाजार स्थित यार्ड में भी जांच की थी। अधिकारियों के मुताबिक यार्ड का इस्तेमाल मुख्य रूप से ट्रकों की पार्किंग के लिए होता है। वहां कारोबार से जुड़े दस्तावेजों के बजाय ड्राइवरों से संबंधित कागजात मिले। इसके चलते यार्ड की जांच पहले ही दिन पूरी कर दी गई।

दो कंपनियों के जरिए संचालित होता है कारोबार

दो दिनों की जांच में सामने आया है कि इंद्रजीत सिंह का ट्रांसपोर्ट कारोबार मुख्य रूप से दो कंपनियों के माध्यम से संचालित होता है। इनमें पहली हैवी ट्रांसपोर्ट कंपनी (HTC) और दूसरी दलबीर सिंह एंड सन्स पार्टनरशिप है।

दलबीर सिंह एंड सन्स पार्टनरशिप में उनकी पत्नी समेत अन्य लोग पार्टनर बताए जा रहे हैं। HTC वर्ष 2017 से पहले से ट्रांसपोर्ट कारोबार में सक्रिय है। फिलहाल GST टीम दोनों कंपनियों के पुराने और मौजूदा रिकॉर्ड का मिलान कर जांच को आगे बढ़ा रही है।

GST जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि रिकॉर्ड में कोई कर संबंधी अंतर या अनियमितता सामने आती है या नहीं।

State Head - KISHOR_HP
Written by

State Head - KISHOR_HP

Contributing writer at THE NEWS HUB. Covering the latest developments in खबरे काम की.

Comments (0)

Leave a Comment

No comments yet. Be the first to share your thoughts!

Latest Videos