जिला रिपोर्टर अमित कुमार हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज़ रायपुर
टैक्सी चालक-मालिक संगठन का हल्लाबोल: परमिट शुल्क वृद्धि के विरोध में 5 नवंबर को रायपुर एयरपोर्ट का घेराव करने की चेतावनी
रायपुर।
छत्तीसगढ़ में परिवहन विभाग द्वारा टैक्सी वाहनों के परमिट शुल्क में की गई बढ़ोतरी को लेकर राज्यभर के टैक्सी चालक और मालिक संगठनों में गहरा रोष व्याप्त है। 4 नवंबर को रायपुर में छत्तीसगढ़ के समस्त टैक्सी चालक-मालिक संगठनों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें बढ़ी हुई दरों पर कड़ा विरोध दर्ज कराया गया।
बैठक में सभी संगठनों ने एकमत होकर शासन और परिवहन विभाग से मांग की है कि परमिट शुल्क में किए गए नए रेट में तत्काल संशोधन कर उस पर पुनः विचार किया जाए। संगठनों का कहना है कि जब तक इस पर अंतिम निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक पुरानी निर्धारित दरों के आधार पर ही टैक्सियों को परमिट जारी किए जाएं।
मांगे पूरी न होने पर चक्का जाम की तैयारी
टैक्सी संगठनों के प्रमुख प्रतिनिधियों ने सरकार को स्पष्ट चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि यदि 4 नवंबर 2026 तक उनकी जायज मांगों पर शासन द्वारा कोई ठोस और उचित निर्णय नहीं लिया जाता है, तो राज्य के समस्त टैक्सी चालक 5 नवंबर 2026 को उग्र आंदोलन के लिए विवश होंगे।
रणनीति के तहत 5 नवंबर को छत्तीसगढ़ के सभी टैक्सी चालक और मालिक अपनी-अपनी गाड़ियों को स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट, रायपुर के बाहर खड़ी कर अपना विरोध दर्ज कराएंगे।
संगठन के पदाधिकारियों का कहना है कि परमिट शुल्क में अचानक हुई भारी वृद्धि से टैक्सी चालकों की आजीविका पर सीधा असर पड़ रहा है। यदि प्रशासन ने समय रहते इस पर विचार नहीं किया, तो 5 नवंबर को रायपुर एयरपोर्ट पर होने वाले इस अनूठे प्रदर्शन की पूरी जिम्मेदारी शासन और परिवहन विभाग की होगी।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!