रिपोर्टर देवेन्द्र केशरवानी लोरमी
*टीबी मुक्त भारत अभियान को मिलेगी जनभागीदारी की नई ताकत, मुंगेली में ‘जोश टीम’ का हुआ शुभारंभ*
*जनजागरूकता से ही टीबी उन्मूलन का लक्ष्य होगा पूरा: विधायक मोहले*
*अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले व्यक्तियों को किया गया सम्मानित*
मुंगेली, 08 अक्टूबर 2026// जिला कलेक्टोरेट स्थित जनदर्शन सभाकक्ष में आज टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत ‘जोश टीम’ के शुभारंभ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य जिले में टीबी रोग के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना, संभावित मरीजों की पहचान कर समय पर जांच एवं उपचार सुनिश्चित करना तथा जनभागीदारी के माध्यम से मुंगेली को टीबी मुक्त बनाने की दिशा में प्रभावी प्रयास करना रहा। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री श्री जे. पी. नड्डा के द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर जोश टीम के शुभारंभ को दिखाया गया। इस दौरान विधायक श्री पुन्नूलाल मोहले, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री श्रीकांत पांडेय, अतिरिक्त कलेक्टर श्रीमती निष्ठा पांडेय तिवारी, श्री अंजोर सिंह पैकरा, जनपद अध्यक्ष श्री रामकमल सिंह परिहार, जिला कार्यक्रम प्रबंधक (डीपीएम) श्री गिरीश कुर्रे, श्री पवन पांडेय, श्री उमाशंकर साहू सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक श्री मोहले ने कहा कि टीबी मुक्त भारत बनाने के लिए जनजागरूकता और जनभागीदारी सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही टीबी के खिलाफ लड़ाई को सफल बनाया जा सकता है। विधायक श्री मोहले ने ‘जोश टीम’ के सदस्यों से अपील करते हुए कहा कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय होकर लोगों को टीबी की जांच, उपचार और बचाव के संबंध में जागरूक करें तथा जरूरतमंद मरीजों को स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ने में सहयोग करें।
जिला पंचायत अध्यक्ष श्री श्रीकांत पांडेय ने कहा कि चिकित्सा के क्षेत्र में लगातार नई सुविधाएं और तकनीक उपलब्ध हो रही हैं, जिनका लाभ टीबी मरीजों तक पहुंचाया जा रहा है।
अतिरिक्त कलेक्टर श्रीमती निष्ठा पांडेय तिवारी ने कहा कि टीबी उन्मूलन अभियान में समाज के प्रत्येक वर्ग की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने बताया कि टीबी मरीजों के उपचार के साथ-साथ उनके पोषण पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। पात्र मरीजों को पोषण संबंधी सहायता उपलब्ध कराई जाती है
कार्यक्रम के दौरान क्षय उन्मूलन अधिकारी श्री सुदेश रात्रे ने जिले में टीबी उन्मूलन के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने जिले में टीबी मरीजों की स्थिति, रोग की पहचान, जांच एवं उपचार की प्रक्रिया के संबंध में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा गांव-गांव जाकर संभावित मरीजों की पहचान की जा रही है तथा आवश्यकतानुसार बलगम जांच सहित अन्य जांच की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!