टाटीबंध में ओवरलोड ऑटो पर यातायात पुलिस की कार्रवाई, 6 चालकों पर केस
रायपुर। राजधानी रायपुर के टाटीबंध क्षेत्र में निर्धारित क्षमता से अधिक यात्रियों को बैठाकर चलाए जा रहे ऑटो के खिलाफ यातायात पुलिस ने विशेष अभियान चलाया। यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए की गई जांच में 6 ऑटो में क्षमता से अधिक सवारी पाए जाने पर मोटरयान अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।
जानकारी के अनुसार टाटीबंध क्षेत्र में ऑटो चालकों द्वारा तय क्षमता से ज्यादा यात्रियों को बैठाने और लापरवाही से वाहन चलाने की शिकायतें सामने आ रही थीं। मामले को गंभीरता से लेते हुए डीसीपी ट्रैफिक डॉ. अर्चना झा ने संबंधित अधिकारियों को जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
निर्देश के बाद यातायात थाना टाटीबंध प्रभारी भुनेश्वर साहू के नेतृत्व में टीम ने क्षेत्र में जांच अभियान चलाया। इस दौरान कई ऑटो वाहनों की जांच की गई। जांच में कुल 6 ऑटो निर्धारित क्षमता से अधिक सवारियों के साथ संचालित होते मिले। सभी संबंधित चालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की गई।
क्षमता से अधिक सवारी बैठाना खतरनाक
यातायात पुलिस ने ऑटो चालकों को समझाइश दी कि अधिक यात्रियों को बैठाने से वाहन का संतुलन प्रभावित हो सकता है और दुर्घटना का खतरा बढ़ जाता है। चालकों को निर्धारित क्षमता के अनुसार ही यात्रियों को बैठाने तथा वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन करने के निर्देश दिए गए।
डीसीपी ट्रैफिक डॉ. अर्चना झा ने कहा कि यातायात पुलिस की प्राथमिकता सड़क दुर्घटनाओं को रोकना और आम नागरिकों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करना है। अधिक कमाई के लिए यात्रियों की सुरक्षा से समझौता करना गंभीर लापरवाही है। ऐसे मामलों में आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।
यातायात पुलिस ने ऑटो चालकों से नियमों का पालन करने और यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की अपील की है। साथ ही नागरिकों से भी आग्रह किया गया है कि वे ओवरलोड ऑटो में सफर करने से बचें। पुलिस ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा अभियान लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
HamarPradeshCG.com
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!