झीरम घाटी फैसला न्याय की दिशा में बड़ा कदम, लेकिन पूरा सच सामने आना अभी बाकी: कांग्रेस
गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही। झीरम घाटी नक्सली हमले के मामले में अदालत द्वारा 10 आरोपियों को दोषी ठहराए जाने के फैसले का जिला कांग्रेस कमेटी गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही ने स्वागत किया है। स्थानीय जिला प्रेस क्लब भवन में आयोजित प्रेस वार्ता में कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यह फैसला न्याय की दिशा में एक अहम पड़ाव है, लेकिन घटना से जुड़े कई अनुत्तरित सवालों और कथित बड़ी साजिश का पूरा सच जनता के सामने आना अभी बाकी है।
इतिहास का सबसे दुखद दिन: गजमती भानु
जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष गजमती भानु ने कहा कि 25 मई 2013 को कांग्रेस की ‘परिवर्तन यात्रा’ पर हुआ हमला छत्तीसगढ़ के इतिहास का सबसे काला अध्याय है। पार्टी ने अपने शीर्ष नेतृत्व, जनप्रतिनिधियों और समर्पित कार्यकर्ताओं को खोया। इतने वर्षों बाद अदालत द्वारा आरोपियों को दोषी ठहराए जाने से न्याय की उम्मीद मजबूत हुई है। कांग्रेस न्यायपालिका का पूरा सम्मान करती है, लेकिन घटना के हर पहलू की निष्पक्ष जांच की मांग शुरू से जारी है ताकि कोई संदेह न रहे।
सुरक्षा चूक और साजिश के पहलुओं की हो निष्पक्ष जांच: डॉ. के.के. ध्रुव
मरवाही के पूर्व विधायक डॉ. के.के. ध्रुव ने कहा कि न्यायालय के फैसले पर पार्टी को कोई संदेह नहीं है, सवाल उन बिंदुओं पर है जो समय-समय पर उठते रहे हैं। उस समय की सुरक्षा व्यवस्था में हुई चूक, परिस्थितियां और हमले के पीछे की कथित व्यापक साजिश की भी संपूर्ण जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि दोषी चाहे कोई भी हो, कानून से ऊपर कोई नहीं है। यदि किसी स्तर पर लापरवाही या जिम्मेदारी सामने आती है, तो उस पर भी सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
पूर्ण न्याय मिलने तक जारी रहेगी मांग
कांग्रेस नेताओं ने दोहराया कि यह उनके लिए केवल कानूनी या राजनीतिक मामला नहीं, बल्कि अपने दिवंगत नेताओं और कार्यकर्ताओं को पूर्ण न्याय दिलाने का संकल्प है। जब तक घटना से जुड़े प्रत्येक सवाल का संतोषजनक जवाब नहीं मिल जाता और हर जिम्मेदार तक कानून के हाथ नहीं पहुंचते, पार्टी मांग उठाती रहेगी।
प्रेस वार्ता में ये रहे उपस्थित
प्रेस वार्ता का संचालन जिला कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता ओमप्रकाश बंका ने किया। इस दौरान जिला महामंत्री मूलचंद कुशराम, जिला उपाध्यक्ष बेचूराम अहिरेश, विधायक प्रतिनिधि पंकज तिवारी, सरपंच संघ अध्यक्ष लालचंद सोनवानी, राहुल भेना और सोशल मीडिया प्रभारी रियांश सोनी सहित अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
अभिषेक कुमार पाण्डेय स्टेट हेड रिपोर्टर छत्तीसगढ़

हमर प्रदेश सी जी
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!