✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार
दुर्ग। जिले में अपराध नियंत्रण और संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी को लेकर दुर्ग पुलिस ने मंगलवार सुबह जुनवानी के खमरिया स्थित पीएम आवास कॉलोनी में व्यापक सरप्राइज चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस की कार्रवाई सुबह करीब 5 बजे शुरू हुई।
भिलाई नगर सीएसपी निशांत पाठक के नेतृत्व में स्मृति नगर चौकी समेत तीन थाना प्रभारियों की संयुक्त पुलिस टीम कॉलोनी में पहुंची और घर-घर जाकर निवासरत लोगों की जानकारी तथा आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन किया। इस दौरान संदिग्ध व्यक्तियों और अनधिकृत रूप से निवासरत लोगों के संबंध में भी जानकारी जुटाई गई।
पुलिस के अनुसार, क्षेत्र में गुंडा-बदमाश एवं आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्तियों की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। संभावित ठिकानों और छिपने के स्थानों की जानकारी जुटाने के उद्देश्य से यह अचानक चेकिंग अभियान चलाया गया।
पीएम आवासों को किराये पर देने की भी जांच

चेकिंग के दौरान पीएम आवासों को नियमों के विपरीत किराये पर दिए जाने की शिकायतों और जानकारी का भी सत्यापन किया गया। नियमों के विपरीत आवासों में निवासरत लोगों तथा संबंधित आवासों की जानकारी नगर निगम को उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
दुर्ग पुलिस ने स्पष्ट किया कि अपराध नियंत्रण और जनसुरक्षा के मद्देनजर संदिग्ध व्यक्तियों का सत्यापन और सरप्राइज चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेगा।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी संदिग्ध व्यक्ति अथवा आपराधिक गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें। साथ ही मकान या आवास किराये पर देने से पहले किरायेदार की पहचान और आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन कराने की अपील की गई है।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!