✍️हेतराम साहू स्टेट- रिपोर्टर
हमर प्रदेश छत्तीसगढ़
जिले में 637 शिक्षार्थियों ने दी राष्ट्रव्यापी साक्षरता मूल्यांकन परीक्षा
77 परीक्षा केंद्रों में हुआ आयोजन, 91 वर्षीय फूलबासन बाई ने भी उत्साह से दी परीक्षा
महासमुन्द, 29 सितम्बर 2026। कलेक्टर एवं जिला साक्षरता मिशन प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री विनय कुमार लंगेह के मार्गदर्शन में उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के अंतर्गत 27 सितम्बर को राष्ट्रव्यापी बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मक ज्ञान मूल्यांकन परीक्षा आयोजित की गई। जिले में 15 वर्ष से अधिक आयु के कुल 637 शिक्षार्थियों ने परीक्षा में भाग लिया, जिनमें 492 महिलाएं और 145 पुरुष शामिल रहे।
परीक्षा के लिए जिले में कुल 77 केंद्र बनाए गए थे। इनमें महासमुन्द विकासखंड में 46, बागबाहरा में 12, पिथौरा में 2 तथा सरायपाली में 17 परीक्षा केंद्र शामिल रहे। शिक्षार्थियों ने अपनी सुविधा के अनुसार सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक परीक्षा दी। प्रश्नपत्र हल करने के लिए प्रत्येक शिक्षार्थी को तीन घंटे का समय निर्धारित किया गया था।
91 वर्ष की उम्र में भी परीक्षा देने पहुंचीं फूलबासन बाई
परीक्षा में विकासखंड महासमुन्द के शासकीय प्राथमिक शाला अमोरी, संकुल तुरेंगा स्थित उल्लास परीक्षा केंद्र में 91 वर्षीय श्रीमती फूलबासन बाई लोधी ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। उनकी सहभागिता ने साक्षरता के प्रति सीखने की उम्र संबंधी सीमाओं को पीछे छोड़ते हुए प्रेरणादायी संदेश दिया।
अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों का किया निरीक्षण
मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत महासमुन्द सुश्री अनुपमा आनंद एवं जिला परियोजना अधिकारी जिला साक्षरता मिशन प्राधिकरण व जिला मिशन समन्वयक समग्र शिक्षा श्री रेखराज शर्मा ने शासकीय प्राथमिक शाला चिंगरौद, संकुल लाफिनखुर्द स्थित परीक्षा केंद्र का अवलोकन किया।
जिला एवं विकासखंड स्तर पर गठित मॉनिटरिंग दलों ने भी विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने महासमुन्द, बागबाहरा, पिथौरा, बसना और सरायपाली विकासखंडों में परीक्षा के सुचारू संचालन की निगरानी की।
परीक्षा को सफल बनाने में स्वयंसेवकों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं, मितानिनों, रसोइयों एवं स्वीपरों ने महत्वपूर्ण सहयोग दिया। उन्होंने शिक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में सहायता प्रदान की।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!