✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार
दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में चोरी के लोहे के एंगल और तार जाली के मामले में जामुल पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने मामले में पाण्डेय कबाड़ी के संचालक सुरेश सिंह उर्फ सुरेश पाण्डेय (65 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गोदाम से चोरी की संपत्ति के साथ बड़ी मात्रा में अन्य लौह कबाड़ भी जब्त किया है, जिसकी जांच जारी है।
13 अक्टूबर को गोदाम में दी गई थी दबिश
पुलिस के अनुसार, वर्ष 2025 में थाना जामुल क्षेत्र के देवनगर और शिवपुरी इलाके में लोहे के एंगल और तार जाली चोरी होने का मामला सामने आया था। इसी मामले की जांच के दौरान 13 अक्टूबर को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने शंकर नगर, छावनी स्थित पाण्डेय कबाड़ी के गोदाम में दबिश दी।
तलाशी के दौरान गोदाम से लोहे के एंगल, तार जाली और अन्य स्क्रैप बरामद किया गया। मौके पर मिले मैनेजर नरसिंह यादव से पूछताछ की गई। जांच में बरामद सामग्री का संबंध जामुल थाना के अपराध क्रमांक 400/2025, धारा 303(2) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के मामले से सामने आया। मैनेजर को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा चुका है।
विवेचना में सामने आई कबाड़ी संचालक की भूमिका
मामले की आगे की विवेचना में सुरेश सिंह उर्फ सुरेश पाण्डेय की संलिप्तता सामने आने पर पुलिस ने 17 अक्टूबर को घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने कर्मचारियों के साथ मिलकर देवनगर और शिवपुरी क्षेत्र से लोहे के एंगल तथा तार जाली चोरी कर गोदाम में रखने की बात स्वीकार की। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
चोरी की संपत्ति सहित भारी मात्रा में कबाड़ जब्त
पुलिस द्वारा जब्त सामग्री में शामिल हैं:
- 20 नग लोहे के एंगल।
- तार जाली के 2 बंडल।
- रेल पटरी का एक टुकड़ा।
- एंगल पट्टी के 10 नग और सरिया।
- गैस कटिंग नोजल।
- तीन तौल मशीन।
- ऑक्सीजन के 8 और एलपीजी के 4 सिलेंडर।
- लोहे की क्वाइल के 4 बंडल।
- लगभग 18 टन से अधिक लौह कबाड़।
- चमकीली धातु की 4 बोरियां और एल्युमिनियम पट्टी।
- टाटा एस पिकअप वाहन क्रमांक CG 07 BR 3212।
पुलिस के मुताबिक, चोरी के मामले से सीधे जुड़ी सामग्री के अलावा गोदाम से बरामद अन्य वस्तुओं की भी जांच की जा रही है। जांच के बाद ही इन सामग्रियों के संबंध में आगे की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
कबाड़ कारोबारियों से पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस ने कबाड़ी व्यवसायियों से अपील की है कि वे स्क्रैप खरीदते समय उसकी वैधता और संबंधित दस्तावेजों की जांच अवश्य करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या चोरी की संपत्ति की खरीद-फरोख्त की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें।
पुलिस की इस कार्रवाई से चोरी की संपत्ति की खरीद-फरोख्त पर निगरानी रखने और संदिग्ध कबाड़ कारोबार की
जांच को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!