छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में अंधविश्वास के चलते एक बुजुर्ग की हत्या का मामला सामने आया है। बगीचा थाना क्षेत्र के ग्राम जामपानी सरबकोंबो में आरोपियों ने जादू-टोना करने के शक में 68 वर्षीय जोयो राम को बोलेरो से कुचलकर मार डाला। वारदात को सड़क हादसे का रूप देने की कोशिश की गई। पुलिस ने मुख्य आरोपी दीपक यादव (21) को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वहीं, उसके पिता, चाचा और एक बैगा समेत तीन आरोपी फरार हैं।
दो-तीन साल से चल रही थी रंजिश
पुलिस के मुताबिक, मृतक की पत्नी पर दीपक यादव और उसके परिजन जादू-टोना करने का आरोप लगाते थे। इस बात को लेकर दोनों परिवारों के बीच पिछले दो-तीन वर्षों से विवाद चल रहा था। गांव के एक बैगा ने भी परिवार के सदस्यों की तबीयत खराब होने के लिए मृतक की पत्नी को जिम्मेदार बताया था।
खेत के पास बोलेरो से कुचलकर हत्या
29 सितंबर को आरोपियों ने जोयो राम की हत्या की योजना बनाई। उन्हें जानकारी थी कि वह अपने मक्का के खेत की ओर जाता है। इसी दौरान दीपक यादव अपने चाचा की बोलेरो लेकर वहां पहुंचा और खेत के सामने खड़े जोयो राम को जानबूझकर टक्कर मार दी। गंभीर चोट लगने से बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद आरोपी वाहन लेकर फरार हो गया।
मुख्य आरोपी गिरफ्तार, बोलेरो जब्त
शुरुआत में मामला सड़क दुर्घटना का लग रहा था, लेकिन पुलिस की जांच में हत्या का खुलासा हुआ। पुलिस ने 1 अक्टूबर को मुख्य आरोपी दीपक यादव को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल बोलेरो (CG 14 MC 5946) भी जब्त कर ली गई।
बगीचा थाने में बीएनएस की धारा 103(1), 61(2) और छत्तीसगढ़ टोनही प्रताड़ना अधिनियम की धाराओं 4, 5 और 6 के तहत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
जशपुर एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि जिले में अंधविश्वास के नाम पर हिंसा बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने लोगों से अंधविश्वास और बैगा के बहकावे में नहीं आने की अपील की।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!