✍️हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज ब्लॉक रिपोर्टर लैलूंगा सोनू महंत की रिर्पोट
जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में बैलों के खेत में धान चरने की बात को लेकर हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। गुस्से में आए एक व्यक्ति ने 52 वर्षीय किसान पर बांस और लकड़ी के डंडे से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल किसान की अस्पताल पहुंचने पर मौत हो गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 11 नवंबर 2026 को ग्राम गुटरी निवासी दीपक बघेल (33 वर्ष) ने सिटी कोतवाली जशपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि शाम करीब 5:15 बजे उनकी सास ने फोन कर सूचना दी कि उनके ससुर एतवा राम अपने बैलों को चराने के लिए घर के नीचे टंगरागढ़ा खेत की ओर गए थे। इसी दौरान गांव के फिटू राम उर्फ धनक राम (52 वर्ष), निवासी बसलंघना, बढ़ाईखाना, थाना सिटी कोतवाली जशपुर ने अपने खेत में बैलों द्वारा धान चरने की बात को लेकर एतवा राम के साथ मारपीट शुरू कर दी।
आरोपी ने पहले बांस के डंडे और फिर लकड़ी के मोटे डंडे से मृतक की पीठ, जांघ और हाथों पर कई वार किए। इतना ही नहीं, उसने लातों से भी मारपीट की। हमले में एतवा राम गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गए। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने बीच-बचाव करने का प्रयास किया। सूचना मिलने पर प्रार्थी अपने दोस्त की स्कॉर्पियो से घटनास्थल पहुंचा और घायल एतवा राम को जिला अस्पताल जशपुर ले गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने कबूला जुर्म
मामले की गंभीरता को देखते हुए सिटी कोतवाली पुलिस ने 11 नवंबर को मर्ग कायम कर अपराध क्रमांक 374/2026, धारा 103(1) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की। पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा एवं पोस्टमार्टम कराया और संदेही फिटू राम उर्फ धनक राम को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने मृतक के बैलों को अपने खेत में धान चरते देखा था। इसी बात पर वह नाराज हो गया। मृतक करंज के पेड़ के नीचे जमीन पर लेटे हुए थे। आवाज देने पर तत्काल प्रतिक्रिया नहीं मिलने से आरोपी आक्रोशित हो गया और पहले बांस के डंडे से हमला किया। इसके बाद पास में पड़े मोटे लकड़ी के डंडे से लगातार वार किए। मृतक ने हाथों से वार रोकने की कोशिश की, लेकिन आरोपी ने उनके हाथों पर भी कई बार हमला किया।
आरोपी ने बीच-बचाव करने पहुंचे ग्रामीणों के साथ भी मारपीट की और घटना में इस्तेमाल किए गए बांस एवं लकड़ी के डंडों को घटनास्थल के पास झाड़ियों में फेंक दिया।
झाड़ियों से बरामद हुए हमले में इस्तेमाल डंडे
आरोपी के मेमोरेंडम कथन के आधार पर पुलिस ने घटनास्थल के पास झाड़ियों से वारदात में इस्तेमाल किए गए दो डंडे बरामद कर विधिवत जब्त किए। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में अपराध स्वीकार करने और पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
इन पुलिसकर्मियों की रही महत्वपूर्ण भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी सिटी कोतवाली जशपुर निरीक्षक मोर ध्वज देशमुख, प्रशिक्षु उप निरीक्षक संतोष चौरसिया, सहायक उप निरीक्षक एसन पॉल, प्रधान आरक्षक विशाल गुप्ता तथा आरक्षक शोभनाथ सिंह, रवि कुमार, देवानंद और देविंद की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
छोटी-सी बात पर किसी की जान लेना बेहद गंभीर अपराध है। खेत में फसल और मवेशियों को लेकर होने वाले विवादों का समाधान कानून और आपसी बातचीत से होना चाहिए, न कि हिंसा से।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!