✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार
व्यापारियों की समस्याओं और नागरिक सुविधाओं पर हुई चर्चा, योजनाबद्ध तरीके से विकास कार्य आगे बढ़ाने पर बनी सहमति
भिलाई। कैंप-2 स्थित जवाहर मार्केट के समुचित एवं व्यवस्थित उन्नयन को लेकर 7 सितंबर 2026 को व्यापारियों और नगर पालिक निगम भिलाई के अधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में मार्केट के विकास एवं उन्नयन कार्य से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई।
बैठक में वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन, महापौर नीरज पाल, नगर निगम भिलाई आयुक्त सुरुचि सिंह, जोन-3 अध्यक्ष जालंधर सिंह, वार्ड क्रमांक 38 के पार्षद पीयूष मिश्रा, वार्ड क्रमांक 37 के पार्षद मन्नान गफ्फार खान, परियोजना कार्यपालन अभियंता नितेश मेश्राम, चैंबर ऑफ कॉमर्स अध्यक्ष अजय भसीन, सहायक अभियंता श्वेता वर्मा, उप अभियंता रीमा जामुलकर सहित व्यापारी संघ के पदाधिकारी, निगम अधिकारी और जवाहर मार्केट के व्यापारी मौजूद रहे।
व्यापारियों से लिए गए सुझाव
बैठक के दौरान जवाहर मार्केट के वर्तमान स्वरूप, व्यापारियों की आवश्यकताओं और आम नागरिकों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए उन्नयन कार्य को बेहतर एवं व्यवस्थित तरीके से पूरा करने पर चर्चा हुई।
व्यापारियों ने मार्केट से जुड़ी अपनी समस्याओं, आवश्यकताओं और अपेक्षाओं को जनप्रतिनिधियों एवं निगम अधिकारियों के समक्ष रखा। अधिकारियों ने व्यापारियों के सुझावों को सुना और विकास कार्यों में आवश्यकताओं के अनुरूप समायोजित करने पर चर्चा की।
बेहतर आवागमन और मूलभूत सुविधाओं पर जोर
जनप्रतिनिधियों एवं निगम अधिकारियों ने कहा कि जवाहर मार्केट के उन्नयन का उद्देश्य केवल व्यापारियों को सुविधाएं देना ही नहीं, बल्कि यहां आने वाले आम नागरिकों के लिए भी बेहतर और सुविधाजनक वातावरण तैयार करना है।
मार्केट में आवश्यक मूलभूत सुविधाओं, व्यवस्थित आवागमन, साफ-सफाई और बेहतर वातावरण को ध्यान में रखते हुए विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा।

बैठक में व्यापारियों से प्राप्त सुझावों और मार्केट की आवश्यकताओं के आधार पर जवाहर मार्केट के उन्नयन कार्य को योजनाबद्ध तरीके से आगे बढ़ाने पर सहमति बनी। अधिकारियों ने कहा कि विकास कार्यों को व्यापारियों की आवश्यकताओं और नागरिक सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए व्यवस्थित रूप से पूरा करने का प्रयास किया जाएगा।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!