✍️
जयकिशन साहू.... हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज
धमतरी।रुद्रेश्वर घाट पर सेवा संकल्प अभियान के शुभारंभ के दौरान एक ऐसा दृश्य सामने आया, जिसने वहां मौजूद लोगों को भावुक कर दिया। एक दिव्यांग छात्रा ने अपने पैरों से दीप प्रज्वलित कर विपरीत परिस्थितियों के बीच हौसले, आत्मविश्वास और उम्मीद की अनोखी मिसाल पेश की।
ग्राम सियादेही निवासी वर्षा ध्रुव कक्षा 11वीं में कला संकाय की छात्रा हैं। वर्तमान में वह रुद्री स्थित एडजेस्ट फाउंडेशन में रहकर अपनी पढ़ाई कर रही हैं। उनके पिता नरेंद्र कुमार ध्रुव और माता हीरू बाई खेती-मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं।
हाथों ने साथ छोड़ा, हौसलों ने थामी रोशनी
रुद्रेश्वर घाट पर शाम ढलते ही जब दीप प्रज्वलन का कार्यक्रम शुरू हुआ, तब वर्षा ने अपने पैरों से दीप जलाया। यह दृश्य देखते ही वहां मौजूद लोगों का ध्यान उनकी ओर आकर्षित हो गया।
वर्षा का यह प्रयास महज दीप प्रज्वलन नहीं था, बल्कि यह संदेश था कि शारीरिक चुनौतियां और आर्थिक परिस्थितियां किसी व्यक्ति के हौसले को रोक नहीं सकतीं। उनके चेहरे पर आत्मविश्वास और आगे बढ़ने का संकल्प साफ नजर आया।
सरकारी योजनाओं से परिवार को मिला सहारा
वर्षा के परिवार को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है। उनकी माता के नाम गरीबी रेखा का राशन कार्ड है, जिसके माध्यम से परिवार को प्रतिमाह 35 किलो चावल मिलता है। वहीं महतारी वंदन योजना के तहत उनकी माता को प्रतिमाह एक हजार रुपये की सहायता राशि प्राप्त हो रही है।
वर्ष 2025 में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत परिवार को पक्का मकान भी मिला। लंबे समय से आर्थिक कठिनाइयों का सामना कर रहे परिवार के लिए यह आवास सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन की दिशा में महत्वपूर्ण सहारा बना।
वर्षा को छात्रवृत्ति के साथ समाज कल्याण विभाग की पेंशन योजना का लाभ भी मिल रहा है। इन योजनाओं से परिवार की आर्थिक चुनौतियों को कम करने और वर्षा की शिक्षा को जारी रखने में मददm मिल रही है।
एक दीप, जिसने बांटी उम्मीद की रोशनी
वर्षा ने बताया कि शासन की योजनाओं से उनके परिवार को आवास, राशन, आर्थिक सहायता और शिक्षा के क्षेत्र में सहयोग मिला है। इन्हीं योजनाओं के प्रति आभार व्यक्त करने और सेवा संकल्प अभियान में सहभागिता निभाने के लिए वह रुद्रेश्वर घाट पहुंची थीं।
जब उनके पैरों से दीप प्रज्वलित हुआ तो घाट रोशनी से जगमगा उठा। लेकिन उस दीप की लौ ने वहां मौजूद लोगों के बीच उम्मीद और आत्मविश्वास की एक अलग रोशनी भी जलाई।
वर्षा ने अपने प्रयास से यह संदेश दिया कि परिस्थितियां कितनी भी चुनौतीपूर्ण क्यों न हों, मजबूत हौसले और दृढ़ इच्छाशक्ति के साथ अंधेरे को भी उजाले में बदला जा सकता है।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!