अभिषेक कुमार पाण्डेय स्टेट हेड रिपोर्टर छत्तीसगढ़
जब गड्ढों में फंसी संगठन महामंत्री की गाड़ी: NH-43 की बदहाली पर पवन साय का फूटा गुस्सा, मंत्रियों और अफसरों को लगाई फटकार
अंबिकापुर: नेशनल हाईवे 43 (NH-43) की जर्जर हालत का खामियाजा जब आम जनता के बाद खुद सत्ताधारी दल के कद्दावर नेता को भुगतना पड़ा, तो शासन-प्रशासन में हड़कंप मच गया। भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय का इनोवा वाहन सीतापुर में गहरे गड्ढे में फंस गया, जिसे बाहर निकालने में करीब दो घंटे की भारी मशक्कत करनी पड़ी। इस घटना के बाद पवन साय ने प्रभारी मंत्री, पर्यटन मंत्री और NH के आला अधिकारियों को फोन पर जमकर खरी-खोटी सुनाई।
* 2 घंटे तक फंसी रही गाड़ी: सूरजपुर और कोरिया में बैठक निपटाकर जशपुर से अंबिकापुर लौटते समय बुधवार रात करीब 7 बजे सीतापुर में पवन साय की गाड़ी गड्ढे में फंस गई। मैकेनिक बुलाने के बाद गाड़ी निकाली जा सकी, जिसके चलते उन्हें सीतापुर रेस्ट हाउस में रुकना पड़ा।
* मंत्रियों की लगाई क्लास: अंबिकापुर पहुंचते ही संगठन महामंत्री ने प्रभारी मंत्री ओपी चौधरी को फोन कर सख्त लहजे में पूछा कि क्या वे कभी क्षेत्र के दौरे पर निकलते भी हैं। वहीं सुबह मिलने पहुंचे पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल और भाजपा जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसौदिया को भी फटकार लगाते हुए कहा कि अगर सब नेता ठेकेदार हैं, तो श्रमदान क्यों नहीं करते?
* सड़क की खस्ताहाली: एनएच-43 पर खरसिया नाका से लेकर दरिमा मोड़, पीजी कॉलेज से सिलफिली और भारत माता चौक तक सड़क पूरी तरह गड्ढों में तब्दील हो चुकी है।
* फटकार के बाद जागी व्यवस्था: महामंत्री के कड़े रुख के बाद नेशनल हाईवे के अधिकारी तुरंत हरकत में आए और गुरुवार सुबह से ही दरिमा मोड़, भारत माता चौक और सीतापुर के गड्ढों में बोल्डर-गिट्टी डालकर मरम्मत का काम आनन-फानन में शुरू कराया गया।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!