✍️हेतराम साहू स्टेट- रिपोर्टर
हमर प्रदेश छत्तीसगढ़
जप्त रेत बनी सरकारी खजाने की कमाई का जरिया, महासमुंद में 7.19 करोड़ का राजस्व
2.53 लाख घनमीटर अवैध भंडारित रेत की नीलामी से जिला प्रशासन ने बनाया राजस्व सृजन का नया उदाहरण
महासमुंद, 17 सितंबर 2026/ अवैध खनिज गतिविधियों पर कार्रवाई के बाद जप्त किए गए खनिज संसाधनों का बेहतर प्रबंधन किस तरह शासन के लिए राजस्व का माध्यम बन सकता है, इसका उदाहरण महासमुंद जिले में देखने को मिला है। जिला प्रशासन और खनिज विभाग की संयुक्त कार्रवाई के बाद जप्त की गई करीब 2 लाख 53 हजार 303 घनमीटर रेत की नियमानुसार नीलामी कर शासन को लगभग 7 करोड़ 19 हजार 566 रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ है।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के निर्देशानुसार जिले में अवैध खनिज उत्खनन, भंडारण और परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान खनिज एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने ग्राम बरबसपुर, बड़गांव, बिरकोनी और घोड़ारी में अवैध रूप से भंडारित रेत को जप्त किया था।
जप्त रेत की मात्रा 2,53,303 घनमीटर थी। इसके बाद जिला प्रशासन ने रेत के सुरक्षित संरक्षण के साथ शासन को राजस्व उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नियमानुसार नीलामी प्रक्रिया शुरू की। बंद लिफाफे के माध्यम से आयोजित नीलामी को पारदर्शी और प्रतिस्पर्धात्मक तरीके से संपन्न कराया गया, जिसमें पात्र निविदाकारों की भागीदारी सुनिश्चित की गई।
नीलामी प्रक्रिया पूरी होने के बाद जप्त रेत का विक्रय किया गया और इससे शासन को करीब 7.19 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ। इससे एक ओर जहां सरकारी खजाने को बड़ा आर्थिक लाभ मिला, वहीं दूसरी ओर अवैध खनिज गतिविधियों में शामिल लोगों को नियमों के पालन का स्पष्ट संदेश भी गया।
जिला प्रशासन के अनुसार जप्त खनिज का व्यवस्थित प्रबंधन और नियमानुसार नीलामी न केवल राजस्व सृजन का माध्यम बनी, बल्कि इससे खनिज संसाधनों के संरक्षण और अवैध उत्खनन एवं परिवहन पर नियंत्रण की दिशा में भी सकारात्मक प्रभाव पड़ा है।
महासमुंद जिले में जप्त रेत की यह नीलामी पारदर्शी प्रक्रिया, संसाधनों के बेहतर प्रबंधन और राजस्व हितों के संरक्षण की दिशा में प्रशासन की महत्वपूर्ण पहल के रूप में सामने आई है। जिला प्रशासन एवं खनिज विभाग द्वारा अवैध खनिज गतिविधियों के विरुद्ध कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रखने की बात कही गई है।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!