✍️हेतराम साहू स्टेट- रिपोर्टर
हमर प्रदेश छत्तीसगढ़
जनभागीदारी से भव्य बनेगा ‘सेवा संकल्प अभियान’, गांव से जिला मुख्यालय तक होंगे आयोजन
प्रभारी मंत्री दयालदास बघेल ने की तैयारियों की समीक्षा, 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा अभियान
महासमुंद, 11 सितंबर 2026। छत्तीसगढ़ शासन के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री तथा महासमुंद जिले के प्रभारी मंत्री श्री दयालदास बघेल ने जिला पंचायत सभाकक्ष में आयोजित बैठक में ‘सेवा संकल्प अभियान’ की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले इस एक माह के अभियान को शासन-प्रशासन के साथ व्यापक जनभागीदारी से भव्य, प्रभावी और जनआंदोलन का स्वरूप दिया जाए।
प्रभारी मंत्री श्री बघेल ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के जनसेवा, नेतृत्व एवं समर्पण की यात्रा के प्रति आभार व्यक्त करने तथा विकसित भारत-2047 के सामूहिक संकल्प को मजबूत करने के उद्देश्य से यह अभियान आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अभियान के प्रत्येक कार्यक्रम को निर्धारित तिथि के अनुसार व्यवस्थित ढंग से आयोजित किया जाए और सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारियों का प्रभावी निर्वहन करें।
उन्होंने जिला मुख्यालय के साथ-साथ जनपद पंचायत, तहसील, नगर पंचायत, प्रमुख कस्बों और ग्राम पंचायत स्तर तक कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए। अभियान में जनप्रतिनिधियों, सामाजिक एवं स्वयंसेवी संगठनों, शैक्षणिक संस्थाओं, स्व-सहायता समूहों, युवाओं, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों सहित समाज के सभी वर्गों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
योजनाओं से बदली जिंदगी की कहानियां बनेंगी अभियान की पहचान
प्रभारी मंत्री ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों के जीवन में आए सकारात्मक बदलाव को ‘सेवा की कहानी’ के रूप में सामने लाया जाए। वास्तविक अनुभवों और सफलता की प्रेरक गाथाओं को आमजन तक पहुंचाने से पात्र नागरिकों को भी योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरणा मिलेगी।
प्रभारी कलेक्टर एवं जिला पंचायत सीईओ सुश्री अनुपमा आनंद ने बताया कि अभियान की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। विभिन्न स्तरों पर बैठकें आयोजित की जा चुकी हैं और दिनवार एवं तिथिवार कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की जा रही है। अभियान के सुचारू संचालन के लिए विभिन्न विभागों में नोडल अधिकारियों की नियुक्ति कर आवश्यक समन्वय एवं व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।
17 सितंबर की शाम ‘आशीर्वाद का दीया’ से होगा शुभारंभ
अभियान की शुरुआत 17 सितंबर की शाम ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम से होगी। इसके माध्यम से नागरिकों को प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की जनसेवा यात्रा के प्रति आभार व्यक्त करने और विकसित भारत-2047 के संकल्प से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। प्रमुख धार्मिक, ऐतिहासिक, पुरातात्विक, विरासत एवं सार्वजनिक महत्व के स्थलों पर भी विशेष गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
‘मेरे सपनों का भारत’ में बच्चे दिखाएंगे विकसित भारत की कल्पना
17 सितंबर से 7 अक्टूबर तक शासकीय एवं निजी विद्यालयों में ‘मेरे सपनों का भारत’ पहल के तहत ड्राइंग एवं भाषण प्रतियोगिताएं होंगी। इनमें विकसित भारत की संकल्पना और 25 वर्षों की सेवा यात्रा को केंद्र में रखा जाएगा। उत्कृष्ट प्रतिभागियों को सम्मानित करने के साथ बच्चों की रचनात्मक प्रस्तुतियों की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी।
नुक्कड़ नाटकों से पहुंचेगी ‘नमो सेवा अनकही कहानियां’
‘नमो सेवा अनकही कहानियां’ के अंतर्गत नुक्कड़ नाटक एवं जनजागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इनके जरिए शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवा कार्यों से लोगों के जीवन में आए बदलाव को सरल एवं प्रभावी तरीके से आमजन तक पहुंचाया जाएगा।
‘आंगन मिलन सेवा’ में माताओं और बच्चों की भागीदारी
25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक आंगनबाड़ी केंद्रों में ‘आंगन मिलन सेवा’ आयोजित होगी। इसमें माताओं और बच्चों की सहभागिता के साथ आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का सम्मान किया जाएगा। पोषण, मातृ सहायता, टीकाकरण तथा महिला एवं बाल कल्याण योजनाओं की जानकारी भी दी जाएगी।
‘सेवा ज्योति यात्रा’ और ‘सेवा मेरा योगदान’ से जुड़ेंगे नागरिक
अभियान के दौरान ‘सेवा ज्योति यात्रा’ सहित विभिन्न जनभागीदारी यात्राएं आयोजित की जाएंगी। वहीं ‘सेवा मेरा योगदान’ पहल के तहत नागरिकों एवं विभिन्न संस्थाओं को सेवा गतिविधियों से जोड़ा जाएगा। नदी एवं घाटों की स्वच्छता सहित अन्य जनहितकारी कार्यों में जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, युवाओं, महिलाओं, स्व-सहायता समूहों एवं आम नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
‘सरकार आपके द्वार’ से पात्र हितग्राहियों तक पहुंचेगी योजनाएं
‘सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार’ के तहत विधानसभा एवं विकासखंड स्तर पर शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में नागरिकों को केंद्र एवं राज्य शासन की योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़ने और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने पर विशेष जोर रहेगा।
अभियान के दौरान विकसित भारत संकल्प यात्रा, जल जन सेवा संकल्प, रंगोली राष्ट्र/भारत मंडल, राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज तथा जनसेवक महाकुंभ-पंचायत से पार्लियामेंट जैसी विविध गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी। प्रशासन की तैयारी है कि इन कार्यक्रमों के माध्यम से महासमुंद जिले में ‘सेवा संकल्प अभियान’ को व्यापक जनभागीदारी के साथ एक प्रभावी जनआंदोलन का स्वरूप दिया जाए।
बैठक में जिला स्काउट एवं गाइड संघ के अध्यक्ष श्री ऐतराम साहू, वनमंडलाधिकारी श्री श्रीनिवास एन.टी. सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!