जनदर्शन में कलेक्टर श्री लंगेह ने सुनी आमजनों की समस्याएं, त्वरित निराकरण के दिए निर्देश
विभिन्न जनहित के मुद्दों से जुड़े 44 आवेदन प्राप्त, सीसी रोड निर्माण में अनियमितता की जांच के आदेश
महासमुन्द, 01 सितम्बर 2026। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन में कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों की समस्याएं और मांगें गंभीरता से सुनीं। जनदर्शन में राजस्व, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, सड़क, बिजली, सामाजिक सुरक्षा पेंशन सहित विभिन्न जनहित से जुड़े कुल 44 आवेदन प्राप्त हुए।
कलेक्टर श्री लंगेह ने आवेदकों से उनकी समस्याओं की जानकारी लेने के साथ प्रत्येक आवेदन का अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवेदनों का त्वरित, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनदर्शन में ग्राम मोंगरा की टेश्वरी साहू ने श्रम विभाग के खाते में आ रही समस्या को लेकर आवेदन दिया। कलेक्टर ने तत्काल जिला श्रम अधिकारी को समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए। ग्राम मालीडीह के श्री बुधराम खैरवार ने एग्रीस्टेक पंजीयन, ग्राम सिंघनपुर बसना के श्री लखेन्द्र कश्यप ने मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना का लाभ दिलाने संबंधी आवेदन प्रस्तुत किया।
सरायपाली के आवेदकों ने गौरव पथ से फोरलेन नेशनल हाईवे-53 तक पहुंच मार्ग में अवैध अतिक्रमण की शिकायत की। वहीं ग्राम खेमड़ा के ग्रामीणों ने जर्जर पुल की मरम्मत, ग्राम मोखापुटका के सरपंच ने शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाने तथा तुरी समाज के लोगों ने अपनी जाति को अनुसूचित जनजाति में शामिल किए जाने संबंधी मांग रखी।
ग्राम जगदीशपुर के ग्रामीणों ने वार्ड क्रमांक 13 से अटल चौक तक निर्मित सीसी रोड में अनियमितता की शिकायत की। मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर श्री लंगेह ने तत्काल जांच के आदेश दिए तथा प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) को जांच टीम भेजकर स्थल निरीक्षण एवं आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा जनदर्शन में नामांतरण, भूमि अतिक्रमण, पेंशन सहित अन्य मांगों और समस्याओं से संबंधित आवेदन भी प्राप्त हुए। कलेक्टर ने सभी आवेदनों पर नियमानुसार कार्रवाई करते हुए आवेदकों को राहत दिलाने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ सुश्री अनुपमा आनंद, अपर कलेक्टर श्री सचिन भूतड़ा, श्री रवि साहू सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
H.R. SAHU — State Reporter — हमर प्रदेश छत्तीसगढ़
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!