जनदर्शन में कलेक्टर लंगेह ने सुनी आमजनों की समस्याएं, 58 आवेदन प्राप्त
महासमुंद, 25 अगस्त 2026। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन में कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे आम नागरिकों की समस्याएं और मांगें गंभीरता से सुनीं। जनदर्शन के दौरान राजस्व, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, सड़क, बिजली, सामाजिक सुरक्षा पेंशन सहित विभिन्न जनहित से जुड़े मामलों को लेकर कुल 58 आवेदन प्राप्त हुए।
कलेक्टर श्री लंगेह ने प्राप्त आवेदनों का अवलोकन करते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्रत्येक प्रकरण का समय-सीमा में त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनदर्शन में आने वाले नागरिकों की समस्याओं का समाधान करना प्रशासन की प्राथमिकता है। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि आवेदनों पर गंभीरता से कार्रवाई करते हुए पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं एवं सुविधाओं का लाभ दिलाया जाए।
आर्थिक सहायता के लिए बुजुर्ग महिला ने दिया आवेदन
जनदर्शन में महासमुंद विकासखंड के ग्राम खैरा निवासी 70 वर्षीय श्रीमती गंगाबाई ने आदिम जाति विकास विभाग से आर्थिक सहायता की मांग की। उन्होंने बताया कि उनका जीवन-यापन बांस से बर्तन बनाकर बेचने से होता है, लेकिन इस वर्ष बांस उपलब्ध नहीं होने के कारण उनके सामने आर्थिक संकट की स्थिति उत्पन्न हो गई है। मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर श्री लंगेह ने आदिम जाति विकास विभाग को आवश्यक कार्रवाई करते हुए आर्थिक सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए।
इसी तरह ग्राम कांपा निवासी श्री उमेश कुमार तारक ने एग्रीस्टेक पंजीयन, ग्राम लाफिनकला निवासी श्री सुखराम साहू ने शौचालय निर्माण की राशि, बागबाहरा विकासखंड के ग्राम देवरी निवासी श्री राकेश चंद्राकर ने गांव में नया ट्रांसफार्मर स्थापित करने की मांग को लेकर आवेदन दिया।
ग्राम अरंड निवासी श्रीमती पार्वती साहू ने गैस कार्ड में दर्ज आधार नंबर में सुधार, ग्राम सुखीडबरी निवासी श्री मोहन लाल महोबिया ने खेत में फसल डूबने से हुई क्षति के एवज में मुआवजा राशि तथा बसना विकासखंड के ग्राम गिधली निवासी श्री सुरेश अग्रवाल ने स्वेच्छानुदान मद से आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग रखी।
जनदर्शन में इसके अलावा नामांतरण, भूमि अतिक्रमण, पेंशन तथा अन्य जनसमस्याओं से संबंधित आवेदन भी प्राप्त हुए। कलेक्टर ने सभी संबंधित अधिकारियों को प्रकरणों का नियमानुसार परीक्षण कर पात्रता के आधार पर शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ सुश्री अनुपमा आनंद, अपर कलेक्टर श्री सचिन भूतड़ा, श्री रवि साहू सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
स्टेट रिपोर्टर — संतन दास
hamarpradeshcg.com
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!