✍️हेतराम साहू स्टेट हेड रिपोर्टर
हमर प्रदेश छत्तीसगढ़
प्रधानमंत्री आवास की सूची में नाम जोड़ने, राशन कार्ड, दिव्यांग पेंशन, भूमि सीमांकन और निर्माण कार्यों को लेकर पहुंचे नागरिक
सारंगढ़-बिलाईगढ़, 17 नवंबर 2026।
आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान और उन्हें प्रशासन तक अपनी बात पहुंचाने का अवसर देने के उद्देश्य से मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जनदर्शन का आयोजन किया गया। इस दौरान कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों की समस्याएं एवं मांगें गंभीरता से सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों का परीक्षण कर नियमानुसार त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
🔴 प्रधानमंत्री आवास योजना में नाम जोड़ने की उठी मांग
जनदर्शन में प्रधानमंत्री आवास योजना से जुड़े कई आवेदन प्राप्त हुए। नागरिकों ने सर्वे सूची में नाम शामिल कराने और योजना के अंतर्गत भौतिक सत्यापन कराने की मांग रखी, ताकि पात्र हितग्राहियों को आवास योजना का लाभ मिल सके।
🔴 मुक्तिधाम और प्रतीक्षालय निर्माण की मांग
ग्राम सुवांतल के आश्रित ग्राम महकमपुर में नागरिकों ने मुक्तिधाम एवं प्रतीक्षालय निर्माण कराने की मांग को लेकर आवेदन प्रस्तुत किया। ग्रामीणों ने इन सुविधाओं की आवश्यकता से प्रशासन को अवगत कराया।
🔴 राशन कार्ड, पेंशन और आर्थिक सहायता के लिए पहुंचे आवेदक
ग्राम लोधिया निवासी दीना सिदार ने नवीन राशन कार्ड बनवाने के लिए आवेदन दिया। वहीं प्राण चौहान ने दिव्यांग पेंशन योजना का लाभ दिलाने की मांग रखी। जयमती ने आरबीसी 6-4 के तहत आर्थिक सहायता प्रदान करने का अनुरोध किया।
इसके अलावा भूमि सीमांकन सहित अन्य विभागीय समस्याओं एवं मांगों से संबंधित आवेदन भी जनदर्शन में प्रस्तुत किए गए।
🔴 कलेक्टर ने अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू ने सभी आवेदनों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को उनका परीक्षण करने और नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने आवेदकों की समस्याओं का उचित निराकरण सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री ऋषिकेश तिवारी ने भी आवेदकों से चर्चा कर उनकी समस्याओं एवं प्राप्त आवेदनों की जानकारी ली।
कार्यक्रम में अपर कलेक्टर श्री चंद्रकांत कौशिक, सारंगढ़ एवं बिलाईगढ़ के अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, तहसीलदार तथा विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!