*हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज*
*रिपोर्टर - गौतम रंगारी*
*ब्यूरो चीफ़ (दंतेवाड़ा)*
*जनजातीय महानायकों के त्याग, बलिदान और संघर्ष को किया नमन, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से जीवंत हुई आदिवासी संस्कृति*
*प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनजातीय समाज के सम्मान, सशक्तिकरण और विकास को मिली नई दिशा–वन एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री केदार कश्यप*
*मंत्री ने मेला-मड़ई की भव्यता के लिए रूपरेखा तैयार करने, जनजातीय संग्रहालय का भ्रमण कराने और गौरव वाटिका विकसित करने के दिए निर्देश*
दंतेवाड़ा, 21 नवंबर 2026। जनजातीय समाज की गौरवशाली संस्कृति, समृद्ध परंपराओं, ऐतिहासिक विरासत और स्वतंत्रता संग्राम में जनजातीय महानायकों के अतुलनीय योगदान को समर्पित जिला स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह का भव्य आयोजन मां दंतेश्वरी मंदिर परिसर स्थित मेंडका डोबरा मैदान में किया गया। समारोह में आदिवासी संस्कृति, लोककला, परंपराओं और जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास की अनुपम झलक देखने को मिली। जनजातीय महानायकों के त्याग, बलिदान और संघर्ष को नमन करते हुए उनकी सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन का संदेश दिया गया। इस अवसर पर विभिन्न विभागों द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों पर आधारित आकर्षक प्रदर्शनी भी लगाई गई।
इस अवसर पर वन एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री केदार कश्यप ने जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास को देश और दुनिया के सामने लाने की पहल के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी ने जनजातीय समुदाय के महानायकों की वीरता, संघर्ष और बलिदान की गाथाओं को जन-जन तक पहुंचाने तथा आने वाली पीढ़ियों को उनके योगदान से परिचित कराने के उद्देश्य से जनजातीय गौरव दिवस की परिकल्पना की। आज यह आयोजन केवल किसी एक समाज का उत्सव नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए अपने गौरवशाली इतिहास और सांस्कृतिक विरासत को स्मरण करने का अवसर बन गया है।
प्रभारी मंत्री श्री कश्यप ने कहा कि हमारे इतिहास में अनेक ऐसे जनजातीय महापुरुष और स्वतंत्रता संग्राम सेनानी हुए हैं, जिन्होंने देश, समाज और संस्कृति की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया, लेकिन उन्हें इतिहास में वह स्थान नहीं मिल पाया जिसके वे वास्तविक रूप से अधिकारी थे। उन्होंने वर्ष 1919 की जलियांवाला बाग की घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि देश का अधिकांश नागरिक इस घटना से परिचित है, लेकिन 17 नवंबर 1913 को मानगढ़ में संत गोविंद गुरु के नेतृत्व में हुए जनजातीय आंदोलन और लगभग 1,500 लोगों के बलिदान की जानकारी अपेक्षाकृत कम लोगों को है। ऐसे ऐतिहासिक प्रसंगों को सामने लाना और जनजातीय वीरों के योगदान को सम्मान देना समय की आवश्यकता है। उन्होंने फिल्म आरआरआर का उदाहरण देते हुए कोमाराम भीम और अल्लूरी सीताराम राजू जैसे महानायकों के संघर्ष एवं बलिदान का उल्लेख किया। साथ ही भोपाल रेलवे स्टेशन का नाम रानी कमलापति के नाम पर रखे जाने का उल्लेख करते हुए उनके साहस, स्वाभिमान और त्याग को ऐतिहासिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया।
प्रभारी मंत्री श्री कश्यप ने जिले की समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं को संरक्षित एवं प्रोत्साहित करने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि क्षेत्र के मेला-मड़ई आयोजनों की भव्यता और बेहतर आयोजन के लिए एक विस्तृत रूपरेखा तैयार की जाए। इसके लिए उन्होंने कलेक्टर को आवश्यक कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिले के स्कूली बच्चों को छत्तीसगढ़ के जनजातीय संग्रहालय का भ्रमण कराया जाना चाहिए, ताकि नई पीढ़ी जनजातीय समाज के इतिहास, संस्कृति, परंपराओं और महानायकों के योगदान को करीब से जान सके। साथ ही जिले में जनजातीय गौरव वाटिका विकसित करने के लिए वन विभाग के अधिकारियों को आवश्यक पहल एवं कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।
इस मौके पर विधायक श्री चैतराम अटामी ने जनजातीय गौरव दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आदिवासी समाज की संस्कृति, परंपराएं, लोककला, भाषा और जीवनशैली हमारी विशिष्ट पहचान हैं। जनजातीय समाज ने सदैव प्रकृति संरक्षण, सामुदायिक एकता और सामाजिक समरसता का संदेश दिया है। इस गौरवशाली विरासत को संजोकर नई पीढ़ी तक पहुंचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। शासन द्वारा जनजातीय क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण और आजीविका के अवसरों के विस्तार के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
जिला पंचायत अध्यक्ष श्री नंदलाल मुड़ामी ने भगवान बिरसा मुंडा सहित जनजातीय महानायकों को नमन करते हुए कहा कि देश की आजादी और राष्ट्र निर्माण में जनजातीय समाज का योगदान अविस्मरणीय है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास को राष्ट्रीय पहचान मिलने के साथ ही समाज के सामाजिक एवं आर्थिक उत्थान के लिए अनेक महत्वपूर्ण पहल की गई हैं।
समारोह में जनजातीय संस्कृति पर आधारित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया। वहीं विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी के माध्यम से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं, उपलब्धियों और विकास कार्यों की जानकारी दी गई।
समारोह में पद्मश्री से सम्मानित डॉ. बुधरी ताती एवं पद्मश्री डॉ. रामचंद्र गोडबोले को श्रीफल और शाल भेंटकर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही उत्कृष्ट कार्य करने वाले कृषकों तथा विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करने वाले स्कूली विद्यार्थियों को भी सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम में छतीसगढ़ राज्य महिला आयोग सदस्य श्रीमती ओजस्वी मांडवी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री अरविंद कुंजाम, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती पायल गुप्ता, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सुनीता भास्कर, वरिष्ठ जनप्रतिनिधि श्री संतोष गुप्ता सहित अन्य जनप्रतिनिधि, समाज प्रमुख, मांझी-चालकी, कलेक्टर श्री देवेश कुमार ध्रुव,डीएफओ श्री रामकृष्ण रंगनाथ वाय, जिला पंचायत सीईओ श्री एम. भार्गव, विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, स्कूली छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!