✍️हमर प्रदेश सीजी न्यूज जागेश्वर पटेल जिला रिपोर्टर गरियाबंद
गरियाबंद, 22 अक्टूबर 2026/ कलेक्टर एवं प्रमुख जिला जनगणना अधिकारी रणबीर शर्मा की अध्यक्षता में आज जिला कार्यालय के सभाकक्ष में जनगणना 2027 के द्वितीय चरण के अंतर्गत जिला एवं चार्ज अधिकारियों का जिला स्तरीय प्रशिक्षण आयोजित किया गया।
कलेक्टर श्री शर्मा ने कहा कि भारत की जनगणना 2027 स्वतंत्रता के बाद 8वीं जनगणना है। राज्य स्तर से आए प्रशिक्षक द्वारा अधिकारियों को आवश्यक प्रक्रियाओं एवं तकनीकी पहलुओं से अवगत कराया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि जिले में जनगणना के कार्य को व्यवस्थित रूप से संपन्न कराया जाना है। इसके लिए उन्होंने जिले के नागरिकों से सहयोग करने की अपील की तथा नियुक्त प्रगणकों को सही और पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराने का आग्रह किया, ताकि जनगणना का कार्य सुचारू रूप से संपन्न हो सके।
उन्होंने बताया कि इससे प्राप्त आंकड़े विकास योजनाओं के निर्माण, प्रशासनिक व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने और विभिन्न नीतियों के निर्धारण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
जानिए पूरा शेड्यूल:
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, नागरिकों को 10 से 24 जनवरी 2027 तक वेब पोर्टल के माध्यम से स्व-गणना का अवसर मिलेगा। इसमें नागरिक स्वयं अपने परिवार से संबंधित जानकारी दर्ज कर सकेंगे। इसके बाद 25 जनवरी से 28 फरवरी 2027 तक प्रगणक घर-घर जाकर जनगणना का कार्य करेंगे।
प्रशिक्षण में डिजिटल माध्यम से आंकड़ों की प्रविष्टि और स्व-गणना की तकनीकी प्रक्रिया की जानकारी दी गई। साथ ही कार्य के दौरान आने वाली संभावित समस्याओं के समाधान पर भी चर्चा की गई।
इस दौरान जिला जनगणना अधिकारी श्रीमती ऋष्मा ठाकुर सहित जिले के सभी अनुविभागीय चार्ज अधिकारी, ग्रामीण एवं नगरीय चार्ज अधिकारी तथा जनगणना में शामिल कर्मचारी उपस्थित थे।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!