✍️हेतराम साहू स्टेट- रिपोर्टर
हमर प्रदेश छत्तीसगढ़
जनगणना 2027: अब डिजिटल माध्यम से होगी जनसंख्या गणना, अधिकारियों को दिया जा रहा प्रशिक्षण
सीएमएमएस पोर्टल की तकनीकी बारीकियों से कराया अवगत, घर-घर जाकर जानकारी जुटाएंगे प्रगणक
महासमुंद, 12 अक्टूबर 2026। जनगणना 2027 के द्वितीय चरण अर्थात जनसंख्या गणना की तैयारियों को लेकर जिला पंचायत महासमुंद के सभाकक्ष में अधिकारियों का दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू हुआ। 12 एवं 13 अक्टूबर को आयोजित इस प्रशिक्षण का उद्देश्य जनगणना कार्य को व्यवस्थित, सटीक और निर्धारित समय-सीमा में संपन्न कराने के लिए अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक तकनीकी जानकारी प्रदान करना है।
कलेक्टर एवं प्रमुख जिला जनगणना अधिकारी श्री विनय कुमार लंगेह के निर्देशन तथा अपर कलेक्टर श्री जगन्नाथ वर्मा के मार्गदर्शन में आयोजित प्रशिक्षण में उपस्थित अधिकारियों-कर्मचारियों को गंभीरता से प्रशिक्षण प्राप्त करने के निर्देश दिए गए।
डिजिटल माध्यम से होगी जनसंख्या गणना
प्रशिक्षण के प्रथम दिन जनगणना प्रशिक्षक एवं सहायक संचालक श्री मनोज कुमार महिलांगे ने बताया कि जनगणना 2027 डिजिटल माध्यम से संपन्न की जाएगी। जनसंख्या गणना के दौरान प्रगणक घर-घर जाकर परिवारों से संबंधित निर्धारित 40 प्रश्न पूछेंगे और प्राप्त जानकारी को ऑनलाइन सीएमएमएस पोर्टल में दर्ज करेंगे। इस दौरान परिवार सूची, मकान सूची तथा जनसंख्या संबंधी आंकड़ों का संकलन डिजिटल माध्यम से किया जाएगा।
प्रशिक्षण में अधिकारियों को सीएमएमएस पोर्टल में पंजीयन की प्रक्रिया और उसकी तकनीकी बारीकियों की जानकारी दी गई। साथ ही जनगणना कार्य के समन्वय, फील्ड ट्रेनर, तकनीकी एवं लिपिकीय सहायकों को निर्धारित समय में प्रशिक्षण देने तथा क्षेत्रीय टीमों में आवश्यक मानव संसाधन की उपलब्धता सुनिश्चित करने के संबंध में विस्तार से बताया गया।
प्रगणकों की नियुक्ति से लेकर मानदेय तक की जानकारी
प्रशिक्षण के दौरान जनगणना कार्य के लिए कर्मचारियों की नियुक्ति, पहचान पत्र जारी करने, आवश्यक सहायक सामग्री उपलब्ध कराने तथा द्वितीय चरण के कार्य में पूर्व अनुभव रखने वाले कर्मियों को प्राथमिकता देने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी दी गई।
इसके अलावा प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को जनगणना कार्य की शपथ दिलाने, उनके मानदेय का भुगतान सुनिश्चित करने तथा संपूर्ण प्रक्रिया को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने की व्यवस्थाओं पर भी चर्चा की गई।
अफवाहों पर रोक और जनजागरूकता पर जोर
प्रशिक्षक ने चार्ज अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनगणना से संबंधित सही जानकारी आम जनता तक पहुंचाने के लिए मीडिया एवं नुक्कड़ नाटकों सहित विभिन्न प्रचार माध्यमों का उपयोग किया जाए। जनगणना प्रक्रिया को लेकर किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक जानकारी सामने आने पर उसका उचित खंडन जारी किया जाए, ताकि आम नागरिकों के बीच भ्रम अथवा भय की स्थिति उत्पन्न न हो।
विभिन्न विभागों के अधिकारी हुए शामिल
प्रशिक्षण में जिला जनगणना अधिकारी, अतिरिक्त जिला जनगणना अधिकारी, समस्त अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), ग्रामीण क्षेत्रों के चार्ज अधिकारी एवं तहसीलदार, नगरीय निकायों के मुख्य नगरपालिका अधिकारी तथा संबंधित डीलिंग स्टाफ उपस्थित रहे।
प्रशिक्षण के समापन पर अतिरिक्त जिला जनगणना अधिकारी श्रीमती मधु साहू ने उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। प्रशिक्षण का दूसरा दिन 13 अक्टूबर को आयोजित होगा।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!