*जगदलपुर: वंदे मातरम् के कथित अपमान के विरोध में भाजयुमो ने निकाला मशाल जुलूस*
_कोतवाली चौक से दंतेश्वरी मंदिर तक नारेबाजी, सांसद-महापौर हुए शामिल_
*जगदलपुर, 17 अगस्त 2026* — स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कांग्रेस के राष्ट्रीय मुख्यालय में राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के कथित अपमान के विरोध में भारतीय जनता युवा मोर्चा जिला बस्तर ने रविवार को जगदलपुर में आक्रोश मशाल जुलूस निकाला।
भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने कोतवाली चौक से मशाल जुलूस की शुरुआत की। जुलूस शहर के मेन रोड से होते हुए माँ दंतेश्वरी मंदिर के समीप पहुंचकर समाप्त हुआ।
*"वंदे मातरम् का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान"*
इस दौरान कार्यकर्ताओं ने हाथों में मशालें लेकर _'वंदे मातरम् का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान'_, _'भारत माता की जय'_ के नारे लगाए। कार्यकर्ताओं ने कहा कि राष्ट्रगीत और राष्ट्रीय प्रतीकों का अपमान किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
*नेताओं ने जताया आक्रोश*
*बस्तर सांसद महेश कश्यप* ने कहा कि _‘वंदे मातरम्’ केवल एक गीत नहीं, बल्कि देश की स्वतंत्रता के संघर्ष, त्याग और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक है। ऐसे राष्ट्रगीत का किसी भी मंच पर अपमान देशवासियों की भावनाओं को आहत करने वाला है।_
*भाजपा जिलाध्यक्ष वेदप्रकाश पाण्डे* ने कहा कि _कांग्रेस नेताओं द्वारा किए गए इस कृत्य की जितनी निंदा की जाए, कम है। राष्ट्र के गौरव और स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग से जुड़े प्रतीकों का सम्मान करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है।_
*महापौर संजय पांडे* ने कहा कि _स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर कांग्रेस नेताओं ने देश विरोधी मानसिकता का परिचय दिया है। राष्ट्रगीत का अपमान अब हिंदुस्तान नहीं सहेगा।_
*बड़ी संख्या में युवा हुए शामिल*
मशाल जुलूस में सांसद महेश कश्यप, महापौर संजय पांडे, भाजपा जिलाध्यक्ष वेदप्रकाश पाण्डे, आर्येन्द सिंह आर्य, रजनीश पाणिग्राही, परिस बेसरा, श्रीनिवास मिश्रा, अविनाश श्रीवास्तव, राजेन्द्र बाजपेयी, रोहित त्रिवेदी, मनोहर दत्त तिवारी, रणजीत पांडे, प्रकाश झा, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष अभिलाष यादव सहित भाजयुमो के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में युवा शामिल रहे।
भाजयुमो ने स्पष्ट किया कि राष्ट्रगौरव और राष्ट्रीय प्रतीकों के सम्मान के विषय पर किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
स्टेट रिपोर्टर मनोज भट्ट
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!